'प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा', आतिशबाजी पर सीएम योगी का बयान

Nov 11, 2026 - 14:18
Updated: 5 days ago
0 6
'प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा', आतिशबाजी पर सीएम योगी का बयान
सीएम योगी

लखनऊ। दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर जारी बहस के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पटाखों और आतिशबाजी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने धूमधाम से दीपावली मनाई और खूब आतिशबाजी की, यह अच्छी बात है। अगर प्रदूषण हुआ है तो समय के साथ खत्म भी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि त्योहारों पर आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण पर चर्चा होती है, लेकिन भ्रष्टाचार के जरिए व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते।

'लोगों ने खूब आतिशबाजी की, अच्छा लगा'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दीपावली के बाद बढ़े प्रदूषण को लेकर हो रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि लोगों ने दीपावली धूमधाम से मनाई और खूब आतिशबाजी की। सरकार ने भी इस बार किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया। योगी ने कहा, 'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा, काहे चिंता कर रहे हो।' उन्होंने कहा कि त्योहारों पर लोग खुशी मनाते हैं तो प्रदूषण का मुद्दा उठने लगता है, जबकि व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले भ्रष्टाचार पर उतनी चर्चा नहीं होती।

अयोध्या के दीपोत्सव का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के दीपोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद भी वहां आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने दीपावली पर लोगों के त्योहार मनाने को लेकर कोई बंदिश नहीं लगाई। लोगों ने पूरे उत्साह और धूमधाम से पर्व मनाया।

2017 से पहले के हालात पर पिछली सरकारों को घेरा

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले होली, दीपावली, विजयदशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद और गुरु पर्व जैसे त्योहारों से पहले तनाव और दंगों की घटनाएं सामने आती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में लोग शांतिपूर्वक अपने त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में बदली हुई कानून-व्यवस्था से जोड़कर पेश किया।

1,146 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1,146 नवनियुक्त जूनियर सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी दी गई।

भर्ती में भ्रष्टाचार और भेदभाव का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर नहीं मिलते थे और उन्हें नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और भेदभाव का बोलबाला था। कई मामलों में परीक्षा कोई और देता था और नौकरी किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी अनियमितताओं से युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय होता था और प्रदेश की प्रगति भी प्रभावित होती थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User