मध्य प्रदेश : कड़ी सुरक्षा के बीच उज्जैन में मस्जिद का अवैध हिस्सा हटाने का काम दूसरे दिन भी जारी 

Sep 29, 2026 - 14:06
0 7
मध्य प्रदेश : कड़ी सुरक्षा के बीच उज्जैन में मस्जिद का अवैध हिस्सा हटाने का काम दूसरे दिन भी जारी 

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में छतरी चौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने का काम मंगलवार को दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा के बीच जारी रहा। सोमवार को हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। 

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

एहतियात के तौर पर उस जगह के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है जबकि आसपास के बाजार बंद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में लगातार फ्लैग मार्च भी किया गया।

मौके पर मौजूद उज्जैन के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "यहां शांति और सुरक्षा पूरी तरह से बनी हुई है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हम मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"

मस्जिद का जो हिस्सा हटाया जा रहा है, वह उस सड़क के दायरे में आता है जिसे 'सिंहस्थ 2028' की तैयारियों के तहत चौड़ा किया जा रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, रविवार रात वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद मुस्लिम समुदाय के सदस्य प्रभावित हिस्से को स्वेच्छा से हटाने पर सहमत हो गए थे।

सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इसे हटाने का काम शुरू हुआ। हालांकि, मौके पर भीड़ जमा होने और वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव होने के बाद काम में कुछ देर के लिए बाधा आई।

पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और बाद में छत्री चौक के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। वरिष्ठ अधिकारी काम की निगरानी करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद रहे।

पथराव की घटनाओं के सिलसिले में महाकाल, खरकुआं और कोतवाली पुलिस स्टेशनों में आठ एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

पथराव से संबंधित मामलों में नामजद सभी लोगों गिरफ्तार

पुलिस ने कहा कि पथराव से संबंधित मामलों में नामजद सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश और वीडियो कथित तौर पर फैलाने के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196(1), 299, 353(2) और 3(5) के तहत भी एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, इमरान खान ने 27 सितंबर को इंस्टाग्राम पर एक संदेश पोस्ट कर लोगों से छत्री चौक पर इकट्ठा होने की अपील की थी। इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए एक और वीडियो में आरिफ पठान नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर लोगों से रात 2 बजे मस्जिद के पास इकट्ठा होने के लिए कहा।

सड़क चौड़ी करने का यह प्रोजेक्ट उज्जैन में सिंहस्थ 2028 से पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर करने और तीर्थयात्रियों व धार्मिक जुलूसों की आवाजाही आसान बनाने के मकसद से शुरू किया गया है। 

उज्जैन के डीएम रोशन कुमार सिंह ने कहा, "हम सभी से अपील करते हैं कि वे सहयोग जारी रखें, शांति बनाए रखें और अफवाहों पर विश्वास न करें। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User