Meerut Murder Case: मेरठ में ननद ने भाभी की चाकू से गोदकर की हत्या, आरोपी ने थाने पहुंचकर कबूला जुर्म, जानिए पूरा मामला...
- पहले बोली- सीढ़ियों से गिर गईं, फिर रातभर नींद नहीं आई तो थाने पहुंचकर जुर्म कबूला.
मेरठ: अवैध संबंधों के शक में ननद ने अपनी भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद परिजनों ने फर्श पर गिरने से मौत की कहानी गढ़कर मामला छिपाने की कोशिश की, लेकिन पछतावा होने पर आरोपी ननद खुद पुलिस के पास पहुंच गई और हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ननद ने पुलिस को बताया, "मुझे रातभर नींद नहीं आई। मेरे पति और भाभी के बीच चार साल से संबंध थे। मैंने भाभी से पति का पीछा छोड़ने को कहा तो उसने जवाब दिया- अपने पति को संभालो। इसी बात पर गुस्से में आकर मैंने रसोई से चाकू उठाया और उसके सीने पर कई वार कर दिए।"
12 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में हुई इस वारदात में पुलिस ने आरोपी ननद को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। वहीं, खुलासे के बाद मृतका का पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार हैं।
पूरा मामला जानिए....
अहमदनगर गली नंबर-2 निवासी हाजी जाहिद शहर में एम्पायर टेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। करीब 40 साल से वह इस कारोबार से जुड़े हैं। उनके परिवार में दो बेटे शाहवेज और शाजेब, जबकि एक बेटी रिम्शा है। सुभाष बाजार स्थित पहली दुकान पर हाजी जाहिद खुद बैठते हैं, जबकि अहमदनगर स्थित दूसरी ब्रांच शाहवेज संभालता है।
करीब छह साल पहले शाहवेज की शादी किदवई नगर निवासी 28 वर्षीय निदा उर्फ सोनी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वहीं, रिम्शा (25) की शादी अहमदनगर से करीब तीन किलोमीटर दूर करीमनगर निवासी ओवेश से हुई है, जो ऑनलाइन कपड़ों का कारोबार करता है।
पड़ोसियों के मुताबिक, कपड़ों के कारोबार की वजह से ओवेश का शाहवेज के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी निदा से नजदीकियां बढ़ीं। करीब आठ महीने पहले शाहवेज ने अपनी बहन रिम्शा की शादी ओवेश से करा दी। इसके बाद भी ओवेश और निदा के बीच बातचीत जारी रही, जिस पर रिम्शा कई बार आपत्ति जताती थी।
तस्वीर: आरोपी रिम्शा की है। जिसने अपनी भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।

रिम्शा ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन यानी रविवार को उसने भाभी को अपने पति से बात करते देख लिया। उसने किचन में भाभी से कहा कि उसके पति का पीछा छोड़ दे। इस पर निदा ने जवाब दिया, "अपने पति को संभालो, दूसरे पर आरोप बाद में लगाना।" इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
गुस्से में रिम्शा ने रसोई में रखा चाकू उठाया और निदा के सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर निदा वहीं गिर पड़ी।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने घटना को हादसा बताकर मामला छिपाने की कोशिश की। पुलिस को बताया गया कि निदा फर्श पर गिरने से घायल हुई थी।
मृतका के परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पड़ोसी का फोन आया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में कोई अनहोनी हो गई है। सूचना मिलते ही मां, दोनों भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे।
घर के अंदर निदा का शव फर्श पर पड़ा था और आसपास काफी खून फैला था। उसके हाथ, पैर और गले पर चोट के निशान थे। यह देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मायके पक्ष की तहरीर पर जांच शुरू की गई।
शुरुआत में रिम्शा ने भी पुलिस को यही बताया कि निदा फर्श पर गिरने से घायल हुई थी। लेकिन मंगलवार को वह खुद पुलिस के पास पहुंची और हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वारदात के बाद से उसे रातभर नींद नहीं आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और देर रात पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया- जांच और तकनीकी साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि मृतका की अपने ननदोई से बढ़ती नजदीकियों को लेकर रिम्शा नाराज थी। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रिम्शा ने रसोई से चाकू उठाकर निदा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)