राजनाथ सिंह की यात्रा संपन्न, श्रीलंका संग हुए एल-70 तोप व अन्य कई विषयों से जुड़े समझौते

Sep 10, 2026 - 17:57
0 3
राजनाथ सिंह की यात्रा संपन्न, श्रीलंका संग हुए एल-70 तोप व अन्य कई विषयों से जुड़े समझौते
Rajnath Singh

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की श्रीलंका यात्रा संपन्न हो गई है। उन्होंने श्रीलंका की अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा को सफल और उपयोगी बताते हुए कहा कि इस दौरे से भारत और श्रीलंका के बीच बहुआयामी संबंधों को नई गति मिली है। 

राजनाथ सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों और सहयोग से जुड़े दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें श्रीलंकाई वायुसेना की एल-70 तोपों के उन्नयन से जुड़ा महत्वपूर्ण समझौता भी शामिल है। इसके अलावा दोनों देशों के राष्ट्रीय रक्षा कॉलेजों और राष्ट्रीय कैडेट कोर के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर भी समझौते हुए।

रक्षा मंत्री ने इस यात्रा के दौरान श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व के साथ व्यापक बातचीत की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। राजनाथ सिंह की यात्रा के दौरान श्रीलंका के कुरुनेगला और बट्टिकलोआ में भारतीय सेना के इंजीनियरों की टीम द्वारा बनाए गए तीन बेली पुलों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया। ये पुल श्रीलंका में आए विनाशकारी चक्रवात दित्वाह के बाद क्षतिग्रस्त हो गए थे। ये पुल पुनर्वास के लिए भारत की ओर से घोषित 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता के तहत तैयार किए गए हैं।

राजनाथ सिंह ने बताया कि श्रीलंकाई वायुसेना और नौसेना को आवश्यक कलपुर्जों की आपूर्ति भी की गई। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से किए जा रहे ऐसे प्रयास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने में मदद कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि श्रीलंका की उनकी यात्रा ने भारत-श्रीलंका संबंधों को और गति दी है। दोनों देशों के रिश्ते रक्षा, सुरक्षा समेत द्विपक्षीय सहयोग के लगभग सभी क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके व श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की थी। कोलंबो में राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के मशहूर पूर्व क्रिकेट खिलाड़ियों अरविंदा डी सिल्वा, सनथ जयसूर्या और चामिंडा वास से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इन क्रिकेट दिग्गजों के शानदार प्रदर्शन को भारत में भी लाखों लोगों ने सराहा है। इस बीच, भारत में निर्मित बहुउद्देश्यीय स्टील्थ फ्रिगेट युद्धपोत आईएनएस उदयगिरि भी कोलंबो पहुंचा। जहाज की यह यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की श्रीलंका यात्रा के साथ हुई।

राजनाथ सिंह ने आईएनएस उदयगिरि पर आयोजित डेक रिसेप्शन में भी हिस्सा लिया। इस दौरान भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री सुरक्षा तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग की अहमियत भी सामने आई। श्रीलंका यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने नुवारा एलिया जिले में स्थित सीता अम्मन मंदिर, जिसे अशोक वाटिका सीता मंदिर के नाम से भी जाना जाता है, का दौरा किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

राजनाथ सिंह ने अपनी यात्रा के दौरान मिले आतिथ्य के लिए श्रीलंका के लोगों, राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या और श्रीलंका सरकार का आभार जताया।उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और श्रीलंका की दोस्ती नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User