मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, आरोपी ने युवती को ट्रेन से धकेला; कट गया हाथ
मुंबई, मुंबई की लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उसे ट्रेन से धक्का देने का मामला सामने आया है। घटना 4 नवंबर की बताई जा रही है। युवती बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। इसी दौरान नायगांव स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने उसके सीने के पास गलत तरीके से छूने की कोशिश की। युवती ने इसका विरोध किया और चप्पल से आरोपी को मारा।
विरोध करने पर रेलवे ट्रैक पर दिया धक्का
युवती के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान उसने युवती को दोनों हाथों से धक्का दे दिया। युवती ट्रेन के डिब्बों के बीच से रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। वह प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी और उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया।
कोहनी के नीचे से कट गया हाथ, सिर में भी चोट
इस हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया। उसके सिर में भी गंभीर चोट आई और 16 टांके लगाने पड़े। इस घटना के बाद युवती को अपना एक हाथ गंवाना पड़ा है। वह अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालती थी, लेकिन अब उसके सामने भविष्य को लेकर कई परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
भीड़ का फायदा उठाकर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी स्टेशन पर मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पीड़िता के परिवार ने 6 नवंबर को भाईंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया था।
हत्या की कोशिश की धारा जोड़ने की मांग
पीड़िता के परिवार ने मामले में हत्या की कोशिश की धारा नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पदाधिकारियों ने रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश की धारा 109 जोड़ने की मांग की। मनसे पदाधिकारी सचिन पोपले के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने इस धारा को जोड़ने के लिए अदालत में पत्र देने का आश्वासन दिया है।
पीड़िता ने आरोपी को सजा देने की मांग की
पीड़ित युवती ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि इस घटना ने उसकी जिंदगी बदल दी है। वह अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाती थी, लेकिन अब एक हाथ गंवाने के बाद उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)