खरगे के ‘दिवाली खुशियों की ईद है’ बयान पर सियासी घमासान, भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली पर दिए गए एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। खरगे ने दीपावली को ‘खुशियों की एक ईद’ बताया था। उनके इस बयान पर भाजपा ने निशाना साधते हुए कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और सनातन विरोधी सोच रखने का आरोप लगाया है।
खरगे ने क्या कहा था?
दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह भारत का बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं। उन्होंने दिवाली को खुशियों की ईद बताते हुए कहा कि यह त्योहार लोगों को सुख-शांति से रहने और अपनों से मिलने का अवसर देता है।
भाजपा बोली- दिवाली पर भी वोट बैंक की राजनीति
खरगे के बयान पर भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दिवाली जैसे त्योहार पर भी वोट बैंक की राजनीति की है। भंडारी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां सनातन और हिंदू विरोधी रही हैं। उन्होंने अपने बयान में सोनिया गांधी और कांग्रेस के पुराने राजनीतिक विवादों का भी जिक्र किया।
राशिद अल्वी ने किया खरगे का बचाव
विवाद के बीच कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने खरगे के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि खुशी का उदाहरण देने के लिए अक्सर ईद का जिक्र किया जाता है। उन्होंने 'ईद का चांद' वाली कहावत का उदाहरण देते हुए कहा कि खरगे का बयान उनकी धर्मनिरपेक्ष सोच को दर्शाता है।
हालांकि, अल्वी ने ईद और दिवाली के बीच अंतर बताते हुए वायु प्रदूषण (AQI) को लेकर भी टिप्पणी की, जिस पर राजनीतिक बहस और तेज हो गई।
त्योहार की शुभकामनाओं से शुरू हुई सियासत
खरगे के बयान के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर भाजपा इसे तुष्टिकरण की राजनीति बता रही है, वहीं कांग्रेस नेता इसे धार्मिक सौहार्द और धर्मनिरपेक्षता से जोड़कर देख रहे हैं। दिवाली की शुभकामनाओं से शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बन गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)