एसआईआर पर योगी के बयान से गरमाई यूपी की सियासत, अखिलेश यादव बोले- आधार कार्ड से जुड़ी हो वोटिंग
1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर अखिलेश का पलटवार, फर्जी वोटिंग रोकने के लिए मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान का दिया सुझाव
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे पर अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ने और बायोमेट्रिक पहचान अपनाने का सुझाव दिया है।
अखिलेश यादव ने एक्स पर क्या लिखा?
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग है। आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड बनाए जाएं, जिससे नकली न बन सकें।"
उन्होंने उंगलियों के निशान और आंखों के जरिए बायोमेट्रिक पहचान अपनाने की भी बात कही। अखिलेश का दावा है कि इससे फर्जी वोटिंग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
योगी आदित्यनाथ ने किया था 1.27 करोड़ वोटरों का दावा
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं।
उन्होंने कहा था कि करीब 66 लाख लोगों के नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में हैं, लेकिन विधानसभा और लोकसभा की सूची में नहीं हैं। इसके अलावा 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और करीब 4.5 लाख युवा मतदाताओं के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं होने की बात कही थी।
एसआईआर को लेकर पहले भी सवाल उठा चुके हैं अखिलेश
अखिलेश यादव लगातार एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के दावे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा है कि उन्हें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी कहां से मिली और इसका आधार क्या है।
वोटर लिस्ट को लेकर बढ़ सकती है सियासी तकरार
एसआईआर और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने का मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ भाजपा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दे रही है, वहीं समाजवादी पार्टी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)