सौरमंडल से रोबोट तक... पीएमश्री स्कूल में बनेगा अनोखा साइंस-मैथ्स गार्डन

Oct 03, 2026 - 21:59
Updated: 10 days ago
0 2
सौरमंडल से रोबोट तक... पीएमश्री स्कूल में बनेगा अनोखा साइंस-मैथ्स गार्डन

- पांच लाख रुपये का किया जाएगा खर्च, अन्य विद्यालयों के छात्रों को भी कराया जाएगा शैक्षिक भ्रमण।

- 26 मॉडल से समझेंगे विज्ञान और गणित की अवधारणाएं; दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य।

नॉकआउट न्यूज मेरठ। जिले के पीएमश्री विद्यालयों में से एक में पांच लाख रुपये की लागत से साइंस और मैथ गार्डन बनाया जाएगा। इसे मॉडल डेमॉन्स्ट्रेशन पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थी किताबों से इतर मॉडल और प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान और गणित को समझ सकेंगे। शासन के निर्देश के बाद विद्यालय चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गार्डन दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

26 मॉडल से समझेंगे विज्ञान और गणित की अवधारणाएं

गार्डन के लिए ऐसे पीएमश्री विद्यालय का चयन किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों की पहुंच आसान होने के साथ मॉडल स्थापित करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो। यहां विज्ञान और गणित से जुड़े 26 तरह के मॉडल व उपकरण लगाए जाएंगे। इनमें ट्रैफिक टावर ट्री, डायरेक्शन टावर ट्री, सोलर सिस्टम मॉडल, एआर सोलर सिस्टम चार्ट, डिस्टेंस मीटर, ड्रोन, राकेट किट और रोबोटिक लर्निंग किट शामिल हैं।

सौरमंडल मॉडल से बच्चे सूर्य और ग्रहों की जानकारी हासिल करेंगे। कोण मॉडल से अलग-अलग कोणों को समझने में मदद मिलेगी, जबकि दूरी मापक मॉडल के जरिए मिलीमीटर, सेंटीमीटर, मीटर और किलोमीटर की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कृत्रिम मानव मॉडल से शरीर के प्रमुख अंगों को समझाया जाएगा। ट्रैफिक और दिशा टावर के जरिए यातायात संकेतों और चारों दिशाओं की जानकारी मिलेगी। गार्डन तैयार होने के बाद अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी शैक्षिक भ्रमण के लिए यहां आ सकेंगे।

जेम पोर्टल से खरीद, जिला स्तरीय समिति करेगी निगरानी

गार्डन में लगने वाले मॉडल और उपकरणों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। निर्माण और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला स्तर पर समिति गठित होगी। जिलाधिकारी समिति के अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी सदस्य और बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य-सचिव होंगे। विज्ञान विषय के एक प्राध्यापक और जिले के उच्च शिक्षण संस्थान से एक तकनीकी विशेषज्ञ को भी समिति में शामिल किया जाएगा।

बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि पीएमश्री विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साइंस और मैथ्स गार्डन के जरिए विद्यार्थियों को विषयों को देखकर, समझकर और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय चयन की प्रक्रिया गतिमान है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User