पाकिस्तान की फ्यूल राहत योजना में बड़ा बदलाव, अब हर महीने मिलेंगे 500-500 रुपए के चार टोकन
इस्लामाबाद। महंगाई की मार झेल रहे पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वहां की सरकार ने राहत भरा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री फ्यूल रिलीफ स्कीम में कई अहम बदलाव किए गए हैं, साथ ही इस योजना से जुड़े एसएमएस शुल्क को भी पूरी तरह हटा दिया गया है। दरअसल यह स्कीम पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को आर्थिक सहारा देने के मकसद से शुरू की गई थी। इसके तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटी गाड़ियों के पात्र मालिकों को सीमित मात्रा में पेट्रोल पर प्रति लीटर 100 पाकिस्तानी रुपए की छूट मिलती है दो और तीन पहिया वाहनों के लिए यह छूट हर महीने 20 लीटर तक और 800 सीसी तक की कारों के लिए 30 लीटर तक लागू होती है।
पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने शनिवार को इन बदलावों की घोषणा की। एक मीडिया ब्रीफिंग में आईटी एवं टेलीकम्युनिकेशन मंत्री शाजा फातिमा ख्वाजा ने जानकारी दी कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए पहले तय की गई 500 रुपए प्रति टोकन की राहत सीमा को अब खत्म कर दिया गया है।
नए नियम के तहत अब ऐसे वाहन मालिकों को हर महीने चार टोकन मिलेंगे, और हर टोकन पर 500 रुपए की छूट दी जाएगी। मंत्री ने इसे उदाहरण से समझाते हुए बताया कि अगर दो लीटर पेट्रोल की कीमत 780 रुपए है, तो एक टोकन इस्तेमाल करने के बाद ग्राहक को महज 280 रुपए ही चुकाने होंगे।
इस स्कीम में एक और राहत भरा बदलाव यह किया गया है कि अब एसएमएस सेवा पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है चाहे लाभार्थी के पास 800 सीसी की कार हो या फिर दोपहिया-तिपहिया वाहन।
मंत्री के अनुसार शनिवार दोपहर तीन बजे तक इस योजना में 17.5 लाख से ज्यादा लोग पंजीकरण करा चुके थे, वहीं करीब 15 लाख राहत टोकन भी जारी किए जा चुके थे। इन आंकड़ों से साफ है कि योजना को जनता से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में पात्र लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
डॉन की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि उप प्रधानमंत्री इशाक डार की अध्यक्षता वाली नेशनल स्टीयरिंग कमेटी ऑन फ्यूल सब्सिडी ने उन इलाकों के पेट्रोल पंपों को भी इस स्कीम से जोड़ने की मंजूरी दे दी है, जहां इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसी जगहों पर एसएमएस के जरिए ही फ्यूल टोकन इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
कमेटी ने आजाद जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान और देश के सभी प्रांतों से ऐसे पेट्रोल पंपों की सूची मांगी है, ताकि उन्हें बिना किसी देरी के इस योजना से जोड़ा जा सके। फिलहाल देशभर में 9771 नंबर पर एसएमएस भेजकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)