ओखला की झील को मिलेगी नई जिंदगी, योगी सरकार ने शुरू किया जल शोधन संयंत्र
- जल संरक्षण की दिशा में योगी सरकार का बड़ा कदम, ओखला में शुरू हुआ संयंत्र
- ओखला की झील का पानी होगा स्वच्छ, स्वच्छ जल, सुरक्षित पर्यावरण की पहल
लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में जल संरक्षण, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। इसी के तहत योगी सरकार ने नई दिल्ली के ओखला स्थित यमुनोत्री परिसर में झील के पानी के शोधन एवं शुद्धिकरण के लिए स्थापित नए जल शोधन संयंत्र का रविवार को उद्घाटन किया गया। प्रदेश के जल शक्ति तथा बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संयंत्र का उद्घाटन किया। इस पहल से झील के जल की गुणवत्ता सुधरने के साथ जल प्रबंधन व्यवस्था को अधिक बल मिलेगा।
ओखला में जल शोधन संयंत्र से सुधरेगी झील के पानी की गुणवत्ता
जल शक्ति तथा बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि योगी सरकार जल संसाधनों के संरक्षण और उनके वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि जल स्रोतों में प्रदूषण की रोकथाम, जल के शोधन और उपलब्ध संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग से पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करने में सहायता मिलती है। ओखला में स्थापित जल शोधन संयंत्र इसी व्यापक सोच का हिस्सा है। इससे झील के पानी के शोधन एवं शुद्धिकरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। साथ ही जल प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि झीलें और अन्य जल निकाय प्राकृतिक पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये न केवल जल संग्रहण में सहायक होते हैं, बल्कि आसपास के पारिस्थितिक तंत्र को संतुलित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में झीलों के पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए शोधन व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है। जल शोधन संयंत्रों के माध्यम से पानी से अवांछित तत्वों को हटाने और उसकी गुणवत्ता में सुधार करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे जल निकायों के संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलती है।
जल संरक्षण वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के लिये जरूरी
प्रमुख सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग ने बताया कि जल संसाधनों का संरक्षण करते हुए उनका उपयोग वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों के अनुरूप करना योगी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने, जल संरचनाओं के रखरखाव और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर लगातार काम किया जा रहा है। ओखला में स्थापित यह संयंत्र भी जल की गुणवत्ता सुधारने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (सज्जा एवं सामग्री प्रबंधन) उपेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता यमुना संगठन दिनेश सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)