झारखंड के चतरा में रेस्टोरेंट में देह व्यापार का आरोप, नौ लोग हिरासत में

Aug 21, 2026 - 17:19
0 1
झारखंड के चतरा में रेस्टोरेंट में देह व्यापार का आरोप, नौ लोग हिरासत में
Prostitution Racket

चतरा। झारखंड के चतरा शहर में पुलिस ने देह व्यापार के कथित अवैध धंधे के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक के मौके से फरार होने की सूचना है। पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों से शराब की बोतलें और कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। 

पुलिस के अनुसार, शहर के कॉलेज रोड और न्यू परिसदन भवन के आसपास स्थित ‘चांदनी होटल’ और ‘कावेरी रेस्टोरेंट’ में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज शामिल थीं। संयुक्त टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस की अचानक छापेमारी से वहां अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से बरामद शराब की बोतलों और अन्य आपत्तिजनक सामान को जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ के जरिए कथित गतिविधि से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन प्रतिष्ठानों में इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि शहर में किसी भी तरह की अनैतिक या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि उनके प्रतिष्ठान में इस तरह की गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User