Kanwar Yatra 2026: मेरठ में 29 जुलाई से दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन बंद
- आपातकालीन सेवाएं और आवश्यक वस्तुओं के वाहन पास से चलेंगे।
- दिल्ली-रुड़की हाईवे पर होगी वनवे व्यवस्था.
मेरठ। Kanwar Yatra के दौरान यातायात संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। 29 जुलाई से दिल्ली-रुड़की हाईवे और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों का संचालन बंद हो जाएगा। कांवड़ यात्रा को लेकर 29 जुलाई की रात 12 बजे से दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी जाएगी। साथ ही गंगनहर पटरी भारी और हल्के, जबकि डीएमई (Delhi-Meerut Expressway) पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
दो अगस्त से हाईवे वनवे
दो अगस्त से हाईवे वनवे हो जाएगा। हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली साइड पर कांवड़िये चलेंगे, जबकि दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली साइड पर हल्के वाहन (चार पहिया और दुपहिया) आ-जा सकेंगे। कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए पांच अगस्त से हल्के वाहनों पर भी रोक लगा दी जाएगी। इमरजेंसी सेवाओं और यातायात विभाग से पास जारी वाले वाहनों का संचालन जारी रहेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर भारी वाहनों का संचालन जारी रहेगा। गंगा एक्सप्रेसवे का खरखौदा कट बंद कर दिया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर बिजौली वाले कट से ही वाहन चढ़ और उतर सकेंगे। इकोनामिक कारिडोर पर शहर के लोग सरधना रोड से जा सकेंगे। यह आदेश 12 अगस्त तक लागू रहेंगे।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) और दिल्ली-दून इकोनामिक कारिडोर (Delhi-Dehradun Economic Corridor) से आने वाले इमरजेंसी सेवा के भारी वाहनों को रात एक से तीन बजे तक शहर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। आवश्यक वस्तुओं दूध, फल सब्जी एवं अन्य खाद्य वस्तुओं के आवागमन हेतु उपयोग में लाये जाने वाले वाहनों के लिए कांवड़ स्टीकर पास जारी होगा। एंबुलेंस समेत इमरजेंसी की सभी सेवाएं चलती रहेंगी। वहीं खतौली से मुरादनगर तक गंगनहर कांवड़ पटरी पर 29 जुलाई से हल्के और भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी।
यातायात नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी, नजर रखेगी टीम-
मेरठ: कांवड़ यात्रा के मद्देनजर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की।उनसे कहा कि माल वाहक वाहन का संचालन यातायात नियमों का पालन करते हुए किया जाए तथा कोई भी चालक नशीले पदार्थ का सेवन न करे। परिवहन विभाग की टीम चेकिंग अभियान चलाएगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
मंगलवार को आरटीओ अनीता सिंह के मार्गदर्शन में हुई कार्यालय में बैठक के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) विकास कुमार यादव और एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अपने वाहनों का संचालन केवल प्रशिक्षित एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस धारक चालकों से ही कराएं। कोई भी चालक शराब अथवा अन्य किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन का संचालन न करे। चालकों को यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण वाहन संचालन के लिए जागरूक करें।
वाहन स्वामियों को भी ध्यान रखना है कि वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत सभी अभिलेख पूर्णतः वैध रहें। इस दौरान यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ जोन अध्यक्ष अमरजीत पिंकी चिन्योटी, ट्रक आपरेटर एसोसिएशन अध्यक्ष पंकज अनेजा समेत कई ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)