खैरनगर के दवा कारोबारी बोले - नक़ली दवा बनाने- बेचने वालों के मकानों पर चले बुलडोजर, संपत्ति जब्त हो 

Nov 21, 2026 - 13:46
Updated: 5 days ago
0 3
खैरनगर के दवा कारोबारी बोले - नक़ली दवा बनाने- बेचने वालों के मकानों पर चले बुलडोजर, संपत्ति जब्त हो 
दवा कारोबार

मेरठ। हिमाचल प्रदेश के सोलन में नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद मेरठ के दवा बाजार में भी हलचल है।इसके चलते खैरनगर के दवा कारोबारियों को अब अपने व्यापार की साख की चिंता सताने लगी है।

नकली दवाओं की खरीद- फरोख्त में मेरठ का नाम सामने आने से दवा कारोबारियों में गुस्सा है। कारोबारियों  ने बैठक कर ऐसे लोगों के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। कारोबारियों ने एक सुर में कहा कि चंद लोगों के लालच की वजह से पूरे दवा बाजार को बदनाम नहीं होने दिया जाएगा। नकली दवा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए…!

बैठक में कारोबारियों ने कई अहम फैसले लिए। तय किया गया कि जल्द ही जिला प्रशासन और ड्रग विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर नकली दवा के कारोबार में शामिल लोगों के नाम और उनके नेटवर्क का खुलासा करने की मांग की जाएगी।

कारोबारी राजेश जैन का कहना है कि नकली दवा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तर्ज पर बुलडोजर कार्रवाई होनी चाहिए। 

दवा कारोबारी मनोज शर्मा का कहना है कि नकली दवाएं बनाने वालों के खिलाफ तो कार्रवाई होनी ही चाहिए, लेकिन उनसे भी ज्यादा सख्ती उन लोगों पर होनी चाहिए जो इन दवाओं को बाजार में बेचते हैं।

मोइनुद्दीन अहमद उर्फ गुड्डू का कहना है कि नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। ये लोग अपने मुनाफे के लिए मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो दूसरों के लिए भी सबक बने।

राजीव ग्रोवर का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं का कारोबार पकड़े जाने के मामले में मेरठ के दवा बाजार का नाम सामने आना बेहद शर्मनाक है। खैरनगर की पहचान दवा कारोबार से है।  

नकली दवाओं का यह मामला केवल हिमाचल प्रदेश में चल रही एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं है। इसकी जांच की शुरुआत वाराणसी में एक मेडिकल स्टोर पर नकली दवाएं मिलने के बाद हुई थी। दवा निर्माता कंपनियों से जांच कराने पर दवाओं के नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद यूपी एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सप्लाई चेन खंगालनी शुरू की। जांच की कड़ियां जुड़ती गईं और टीम अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सप्लायर तक पहुंच गई।

इस मामले में अभिषेक सिंह उर्फ रवि की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल प्रदेश में नकली दवाएं तैयार करने के ठिकानों का पता चला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User