दिल्ली से कश्मीर तक फैला नशीली दवाओं का नेटवर्क बेनकाब, एनसीबी ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
श्रीनगर जा रही बस से 7 किलो कोडीन कफ सिरप बरामद, दिल्ली के शाहदरा में किराए के मकान से 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाएं जब्त
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
नई दिल्ली। दिल्ली से कश्मीर घाटी तक नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पर्दाफाश किया है। एनसीबी की जम्मू और दिल्ली यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान श्रीनगर जा रही यात्री बस से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। वहीं, दिल्ली के शाहदरा में किराए के मकान में चल रहे अवैध गोदाम से 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गईं। बरामद दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं। एनसीबी अब इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर, दवाओं के स्रोत और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
दिल्ली में किराए के मकान में चल रहा था ड्रग्स का अवैध गोदाम
बता दें कि फिर जांच की कड़ियां दिल्ली तक पहुंचीं। इसके बाद पता चला कि दिल्ली में किराए के मकान में ड्रग्स का अवैध गोदाम चल रहा था। गोदाम से 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाओं की टैबलेट, कैप्सूल और बोतलें बरामद हुईं। ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाओं का बड़ा जखीरा मिला है। एनसीबी ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फार्मास्युटिकल ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। वैध दवा सप्लाई चेन से कोडीन कफ सिरप की अवैध तरीके से डायवर्जन की जांच जारी है।
श्रीनगर जा रही बस से 7 किलो कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद
गौरतलब है कि, बीते 16 नवंबर को एनसीबी जम्मू ने उधमपुर के चेन्नानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही यात्री बस को रोका था। बस से डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया। इसके बाद, कश्मीर घाटी में जांच के दौरान अनंतनाग निवासी मुख्य रिसीवर को पकड़ा गया।
दिल्ली से भी 356 बोतल कोडीन कफ सिरप हुआ रिकवर
जान लें कि दिल्ली में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के साथ 18 नवंबर को 356 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया। आगे की जांच में दिल्ली के शाहदरा में किराए के परिसर में चल रहे अवैध गोदाम का खुलासा हुआ। 18 और 19 नवंबर को गोदाम में छापेमारी के दौरान 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गईं।
जांच में जुटी एनसीबी
एनसीबी अब दवाओं की सप्लाई के मूल स्रोत, नेटवर्क के बड़े सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। इससे पहले हाल में अमृतसर में हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ था। इस दौरान, 14 अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की गई थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)