भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी, पीएम मोदी समेत राष्ट्रपति मुर्मु ने सराहा

Sep 28, 2026 - 21:05
0 6
भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी, पीएम मोदी समेत राष्ट्रपति मुर्मु ने सराहा
Indian Athletes Praised

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। एशियन गेम्स 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए भारत कुल 45 मेडल (4 गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज) के साथ 12वें स्थान पर है।

शूटर ईशा सिंह और कुराश खिलाड़ी पिंकी बल्हारा की सफलता पर पीएम मोदी का संदेश

युवा शूटर ईशा सिंह ने सोमवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में देश के लिए सिल्वर जीता। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इंडिविजुअल इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर ईशा सिंह को बधाई। शानदार स्कोर के साथ, ईशा ने बहुत सटीकता और धैर्य दिखाया। उन्हें आगे और भी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं।"

पिंकी बल्हारा ने विमेंस -78 किग्रा कुराश इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में इस खेल में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं। इससे पहले पिंकी ने साल 2018 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। पीएम मोदी ने उनकी तारीफ में कहा, "एशियन गेम्स में महिलाओं के 78 किग्रा कुराश इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पिंकी बलहारा को बधाई। उन्होंने पूरे समय जबरदस्त हिम्मत और दृढ़ संकल्प दिखाया। उम्मीद है कि वह आगे भी नई ऊंचाइयां छूती रहेंगी और भविष्य में और भी सम्मान हासिल करेंगी।"

विथ्या रामराज के राष्ट्रीय रिकॉर्ड और पदक पर राष्ट्रपति की सराहना

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर विथ्या रामराज को ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई देते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर विथ्या रामराज को हार्दिक बधाई। अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ, आपके शानदार प्रदर्शन ने भारत की एथलेटिक्स यात्रा में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जोड़ी है। आपका रिकॉर्ड बनाने वाला प्रदर्शन युवा पीढ़ी को ऊंचे लक्ष्य तय करने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।"

गुलवीर सिंह का ट्रैक पर दोहरा कमाल: राष्ट्रपति ने दी बधाई

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लॉन्ग-डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद, सोमवार को पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में एक और सिल्वर मेडल जीता। उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति ने पोस्ट किया, "मैं एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह को दिल से बधाई देती हूं। इस इवेंट में अपना अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन करना इस कामयाबी को और भी शानदार बनाता है। 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने के बाद, इन गेम्स में ट्रैक पर यह एक और बेहतरीन प्रदर्शन है। आने वाले वर्षों में और भी कामयाबियां हासिल करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

पारुल चौधरी ने जीता दूसरा ब्रॉन्ज मेडल, राष्ट्रपति ने सराहा

भारत की पारुल चौधरी ने 'एशियन गेम्स 2026' में दूसरा ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में तीसरा स्थान हासिल करने के बाद पारुल ने सोमवार को महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल रेस में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता।

पारुल की तारीफ में राष्ट्रपति ने कहा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पारुल चौधरी को बहुत-बहुत बधाई। गेम्स में दो दिनों में दो मेडल जीतना एक शानदार उपलब्धि है। यह यादगार दोहरी कामयाबी आपको अपने खेल के सफर में और भी ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करे।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User