हिंदी हमारी पहचान, हमारा स्वाभिमान: ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्रियों ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को दी बधाई 

Sep 14, 2026 - 12:19
0 4
हिंदी हमारी पहचान, हमारा स्वाभिमान: ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्रियों ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को दी बधाई 

नई दिल्ली। हिंदी दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, हरदीप सिंह पुरी और पंकज चौधरी ने देशवासियों बधाई दी है। 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पोस्ट में कहा, "अक्टूबर 1977 में दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच ‘संयुक्त राष्ट्र महासभा’ में भारत की आवाज गूंजी और उस आवाज ने दुनिया से हिंदी में संवाद किया। तत्कालीन विदेश मंत्री और बाद में भारत के प्रधानमंत्री बने अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 32वें सत्र में हिंदी में अपना ऐतिहासिक संबोधन दिया। वाजपेयी संयुक्त राष्ट्र को हिंदी में संबोधित करने वाले पहले व्यक्ति थे। अपने भाषण में उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम, परमाणु निरस्त्रीकरण, गुटनिरपेक्षता, आतंकवाद जैसे कई विषय उठाए। संयुक्त राष्ट्र के मंच पर अटल वाजपेयी के उस भाषण में भारत का आत्मविश्वास झलक रहा था, जो अपनी भाषा में दुनिया से बात करने के लिए पूरी तरह तैयार था।"

ओम बिड़ला ने कहा, "आज करीब पांच दशकों बाद हिंदी की यह यात्रा और भी व्यापक हो चुकी है। साहित्य और पत्रकारिता से लेकर सिनेमा, टेलीविजन, शिक्षा और डिजिटल दुनिया तक, हिंदी करोड़ों लोगों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बन चुकी है। डिजिटल इंडिया के युग में हिंदी की पहुंच लगातार नए क्षेत्रों में बढ़ रही है। इंटरनेट, सोशल मीडिया, डिजिटल शिक्षा, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समय में भारतीय भाषाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। हिंदी अब केवल प्रशासन की भाषा नहीं, बल्कि ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और आधुनिक अभिव्यक्ति की प्रभावी भाषा के रूप में आगे आ रही है।"

लोकसभा अध्यक्ष ने आगे कहा, "स्वतंत्रता का संघर्ष हो या 1949 में संविधान सभा की मान्यता से लेकर 1977 में संयुक्त राष्ट्र तक, आज के डिजिटल भारत तक। हिंदी ने भारत के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और वैश्विक प्रतिष्ठा को पहचान दी है। स्व. अटल वाजपेयी ने विश्व मंच पर हिंदी में बोलकर यह दिखाया था कि अपनी भाषा में बात करना आत्मविश्वास है, कोई सीमा नहीं। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हिंदी को नई पीढ़ी, नई तकनीक और नए अवसरों से जोड़ते हुए इसे ज्ञान, नवाचार और वैश्विक संवाद की और अधिक सशक्त भाषा बनाएं। आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, "समस्त देशवासियों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राजभाषा के रूप में हिंदी जनसंवाद, सुशासन और राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा रही है। सभी भारतीय भाषाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने वाली हिंदी अब तकनीक और शोध की भाषा भी बन रही है। राजभाषा दिवस पर हिंदी को समृद्ध बनाने में अपना अविस्मरणीय योगदान देने वाले सभी महापुरुषों को नमन करता हूँ। आइए, इस अवसर पर हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लें।"

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति है। यह हमारी संस्कृति, संस्कार और जीवन-मूल्यों की आधारशिला है। हिंदी सभी भाषाओं को साथ लेकर विकसित और भाषाई रूप से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाती रहेगी।सभी को 'हिन्दी दिवस' की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं!"

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अनेक प्रांत, राज्य, बोलियां, भाषाएं, लोक-परंपराएं और संस्कृतियां भारत की सभ्यता को समृद्ध बनाती हैं। इसी विविधता के बीच हिंदी ने सदियों से संवाद, सहभागिता और आत्मीयता की एक कड़ी का कार्य किया है, और देश के अलग-अलग हिस्सों को एक-दूसरे से जोड़ा है। हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी साझा सांस्कृतिक स्मृतियों, संवेदनाओं और संवाद की सशक्त अभिव्यक्ति है। आइए, हिंदी दिवस पर हम हिंदी के साथ-साथ भारत की सभी भाषाओं और बोलियों का सम्मान करते हुए “विविधता में एकता” की उस भारतीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लें, जिसने सदियों से हमारी सभ्यता को जीवंत और अखंड बनाए रखा है।"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "सभी को हिन्दी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।"

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, "हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति है। यह हमारी संस्कृति, संस्कार और जीवन-मूल्यों की आधारशिला है। हिंदी सभी भाषाओं को साथ लेकर विकसित और भाषाई रूप से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाती रहेगी। सभी को 'हिन्दी दिवस' की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं!"

केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पोस्ट में कहा, "हिंदी हमारी पहचान है, हिंदी हमारा स्वाभिमान है। समस्त देशवासियों को 'हिंदी दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User