दिल्ली के विवेक विहार में हादसा: पुराने मकान की छत गिरने से 3 साल की बच्ची समेत 2 की मौत
विवेक विहार के ज्वाला नगर में हुआ हादसा, मलबे में दबे 6 लोगों को निकाला गया; 4 घायल अस्पताल में भर्ती, मकान की जर्जर हालत बताई जा रही हादसे की वजह.
- विवेक विहार में पुराने घर की छत गिरी.
- 3 साल की बच्ची समेत 2 लोगों की मौत.
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
नई दिल्ली। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पुराने घर की छत गिरने से 3 साल की मासूम बच्ची और 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई हैं। हादसे में कुछ लोग घायल भी बताये जा रहे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने राहत और बचाव कार्य चलाते हुए मलबे में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विवेक विहार थाने में सुबह लगभग 10:09 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि ज्वाला नगर की गली नंबर 6 में एक मकान ढह गया है और मलबे के नीचे कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
सभी पीड़ित किराए पर रहते थे
हादसे का शिकार हुआ यह ग्राउंड प्लस टू मंजिला पुराना मकान सुरेंद्र सिंह का बताया जा रहा है। इस इमारत में किराए पर कुछ मजदूर परिवार रहते थे। मलबे के नीचे दबे सभी लोग मजदूरी का काम कर अपना जीवनयापन करते थे। कैट्स एम्बुलेंस और स्थानीय प्रशासन की मदद से मलबे के नीचे फंसे सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि घर के पास से रेलवे ट्रैक जाता है, जिसकी वजह से घर में वाइब्रेशन होती थी। मकान मालिक द्वारा समय-समय पर मरम्मत न करवाए जाने के कारण मकान और उसकी छत काफी कमजोर हो गई थी, जिसके एक हिस्से के अचानक गिरने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस घर में एक ही परिवार के 7 लोग किराए पर रहते थे। रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाल लिया गया है, जिसमें से एक बच्चे और 30 साल के एक युवक की मौत हुई है, वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। एमसीडी और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
घायलों और मृतकों का विवरण
खुशबू (आयु 3 वर्ष) - डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित
पिंटू (आयु 30 वर्ष) - डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित
घायलों का विवरण
लड्डू उर्फ देवांश (आयु 27 वर्ष) - घायल
विकेश (आयु 35 वर्ष) - घायल
आकाश (आयु 25 वर्ष) - घायल
दिलीप उर्फ डिम्पा (आयु 22 वर्ष) - घायल
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)