केजरीवाल समेत आप नेताओं को दिल्ली हाईकोर्ट की आखिरी चेतावनी, 3 हफ्ते में देना होगा जवाब
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और पार्टी के अन्य नेताओं को अवमानना के मामले में जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका दिया है। अदालत ने सभी नेताओं को इसके लिए तीन हफ्ते का समय दिया है। साथ ही साफ कहा है कि अगर तय समय में जवाब दाखिल नहीं किया गया तो उनका जवाब देने का अधिकार खत्म कर दिया जाएगा। जस्टिस नवीन चावला की अगुवाई वाली दो जजों की बेंच ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान नेताओं को चेतावनी दी। अदालत ने कहा, हम अब आपको और समय नहीं देंगे। आप कोर्ट के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। अगर अब जवाब दाखिल नहीं किया तो आपका जवाब देने का अधिकार बंद कर देंगे।
दिल्ली हाईकोर्ट ने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के आपराधिक अवमानना मामले में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य आप नेताओं को तीन हफ्ते में जवाब दाखिल करने की अंतिम चेतावनी दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि तय समय में जवाब न देने पर उनका पक्ष रखने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा करने से जुड़ा है। आरोप है कि अरविंद केजरीवाल और आप के कुछ नेताओं ने जस्टिस शर्मा को लेकर सोशल मीडिया पर एक अभियान चलाया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लेते हुए आपराधिक अवमानना का मामला शुरू किया था। इस मामले में अरविंद केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, विनय मिश्रा और देवेश विश्वकर्मा को जवाब देना है।
यह पूरा मामला दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े केस की सुनवाई के दौरान शुरू हुआ था। सीबीआई ने ट्रायल कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें इस मामले के सभी 23 आरोपियों को आरोपों से बरी कर दिया गया था। इनमें केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और के. कविता भी शामिल थे। इस मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा कर रही थीं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल और कुछ अन्य आरोपियों ने आशंका जताई कि उन्हें जस्टिस शर्मा से निष्पक्ष सुनवाई नहीं मिलेगी। इसी आधार पर उन्होंने जस्टिस शर्मा से केस की सुनवाई से अलग होने की मांग की थी। हालांकि, जस्टिस शर्मा ने उनकी मांग खारिज कर दी थी।
इसके बाद अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया ने जस्टिस शर्मा को पत्र लिखकर कहा था कि वे उनकी अदालत में सुनवाई में शामिल नहीं होंगे और न ही अपने वकील के जरिए पेश होंगे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर जस्टिस शर्मा के खिलाफ पोस्ट और वीडियो साझा किए गए। कोर्ट ने इन पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए अवमानना की कार्रवाई शुरू की। बाद में जस्टिस शर्मा ने इस मामले से खुद को अलग कर लिया और केस दूसरी बेंच को सौंप दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)