माँ के पार्थिव शरीर को सीएम योगी ने दिया कंधा: हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी, जिनका कल निधन हो गया।

Nov 21, 2026 - 10:59
Updated: 5 days ago
0 50
माँ के पार्थिव शरीर को सीएम योगी ने दिया कंधा: हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार
  • मां को आखिरी विदाई देते समय भावुक हुए सीएम योगी, 
  • सुरक्षा के कड़े इंतजाम; हरिद्वार में अंतिम संस्कार.

नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |

पंचूर: यूपी के सीएम योगी ने उत्तराखंड के पंचूर गांव में मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते समय सीएम योगी भावुक नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने शोक जताया, मां के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान उन्होंने मां की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि भी दी। 

दरअसल, 91 साल की सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उनके निधन से पंचूर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।

मां के निधन पर योगी ने लिखा, 'मां... ॐ शांति'

सावित्री देवी के निधन के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक संक्षिप्त संदेश लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। उन्होंने लिखा, 'मां... ॐ शांति।' इसके बाद शनिवार को वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी की मां का दाह संस्कार हरिद्वार में किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जताया दुख

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ अपनी मां को खोने के बावजूद समाज की सेवा में जुटे हुए हैं, जो एक बेटे के रूप में उनके समर्पण को दिखाता है। 

सीएम धामी ने पत्रकारों से कहा, 'यह बेहद दुखद खबर है कि सीएम योगी आदित्यनाथ की मां इस दुनिया से विदा हो गई हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। जहां तक योगी जी की बात है, वह लगातार समाज की सेवा कर रहे हैं। यह उनके समर्पण को दिखाता है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।'

आजम खान और मोहन यादव ने भी जताई संवेदना

सपा के नेता आजम खान ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, 'हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं और हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें।'

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और मुक्ति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने सावित्री देवी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे बेटे को जन्म दिया और उनका पालन-पोषण किया, जो कई बार सांसद बने और 2 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा कर चुके हैं।

ओम बिरला और प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताया दुख

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी मुख्यमंत्री योगी की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा जीवित रहता है। बच्चों को दिए गए संस्कारों और मूल्यों के रूप में मां की सीख हमेशा उनके साथ रहती है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर दुख जताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User