मेरठ में 90% लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य: डीएम

जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, 16 से 30 नवंबर तक पोर्टल पर खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी; किराएदारों, प्रवासी मजदूरों और बेघर लोगों की भी होगी गणना।

Nov 16, 2026 - 16:37
Updated: 5 days ago
0 17
मेरठ में 90% लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य: डीएम
  • मेरठ डीएम ने कहा- 30 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन, किराएदारों से लेकर बेघर लोगों तक गणना होगी।  
  • डीएम ने बताया- 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर उन लोगों का विवरण दर्ज करेंगे, जो स्वगणना नहीं कर पाएंगे.
  • डीएम ने बताया- पहले चरण में मकानों और आवासीय इकाइयों की गणना की गई थी.

नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार लोगों को अपनी जनगणना खुद ऑनलाइन कराने का मौका दिया गया है। डीएम डॉ. वीके सिंह ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 16 से 30 नवंबर तक लोग जनगणना पोर्टल पर जाकर स्वगणना कर सकेंगे। प्रशासन ने जिले की कम से कम 90 प्रतिशत आबादी की स्वगणना कराने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की संख्या दर्ज करेंगे। खास बात यह है कि इस जनगणना में मकान मालिकों के साथ किराएदारों, प्रवासी मजदूरों और बेघर लोगों को भी शामिल किया जाएगा।

मेरठ में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण के बारे में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक लोग पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी गणना यानी स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की संख्या दर्ज करेंगे। मेरठ में कम से कम 90 प्रतिशत लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी वीके सिंह ने बताया कि पहले चरण में मकानों और आवासीय इकाइयों की गणना की गई थी। अब दूसरे चरण में वास्तविक हेड काउंट यानी घरों में रहने वाले लोगों की संख्या दर्ज की जाएगी। पहले चरण में मेरठ जिले में करीब 7 लाख 60 हजार आवासीय इकाइयां चिह्नित की गई थीं। अब इन सभी घरों में रहने वाले सदस्यों की संख्या दर्ज होगी।

40 सवालों के जवाब देने में लगेंगे 10 से 20 मिनट

जिलाधिकारी मेरठ ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया काफी आसान है। इसके लिए लोगों को जनगणना के पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद अपने मकान और लोकेशन की जानकारी सत्यापित करनी होगी। मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिह्नित करने के बाद करीब 40 सवालों के जवाब भरने होंगे। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में उपलब्ध सुविधाओं और अन्य बुनियादी जानकारियां मांगी जाएंगी। पूरी प्रक्रिया में सामान्य तौर पर 10 से 20 मिनट का समय लगेगा। जानकारी भरने के बाद परिवार के विवरण की समीक्षा कर सबमिट करना होगा। इसके बाद मिलने वाले रेफरेंस नंबर को सुरक्षित रखना जरूरी होगा।

एक फॉर्म में छह सदस्यों की भर सकेंगे डिटेल्स

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने साफ़ किया कि स्वगणना के एक फॉर्म में अधिकतम छह सदस्यों की डिटेल्स भर सकेंगे। यदि किसी परिवार में छह से अधिक सदस्य हैं तो उसके लिए दूसरा फॉर्म भरना होगा। वहीं, परिवार का मुखिया किसे माना जाए, यह परिवार स्वयं तय कर सकेगा। यदि महिला को मुखिया मानते हैं तो महिला और पुरुष को मानते हैं तो पुरुष का चयन कर सकते हैं। जाति से संबंधित जानकारी देना अनिवार्य नहीं होगा, इसके लिए विकल्प दिया गया है। वहीं, फॉर्म भरते समय हिंदी या अंग्रेजी में से जिस भाषा का चयन करेंगे, उसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा।

किराएदार और प्रवासी मजदूर भी होंगे शामिल

डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि जनगणना में केवल मकान मालिक ही नहीं, बल्कि किराए पर रहने वाले परिवारों और प्रवासी मजदूरों की भी गणना होगी। व्यक्ति जहां निर्धारित गणना अवधि में रह रहा होगा, उसका विवरण वहीं दर्ज किया जाएगा। एक व्यक्ति की गणना दो अलग-अलग स्थानों पर नहीं हो सकेगी। पोर्टल पर पहले से दर्ज जानकारी के आधार पर दोहरी गणना को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में कैंट और सिविल क्षेत्र की सीमाओं पर स्थित मकानों को लेकर विशेष सावधानी बरती गई थी, ताकि कोई मकान छूटे नहीं और एक ही मकान की दो बार गणना भी न हो।

4 जनवरी की रात होगी बेघर लोगों की गणना

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर उन लोगों का विवरण दर्ज करेंगे, जो स्वगणना नहीं कर पाएंगे। इस दौरान भौतिक फॉर्म के माध्यम से जानकारी लेकर उसे मोबाइल ऐप पर डिजिटाइज किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 की रात बेघर लोगों की विशेष गणना होगी। इसमें फुटपाथ, रेलवे स्टेशन, पुलों के नीचे और अस्थायी ठिकानों पर रहने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा। 5 से 9 जनवरी तक रिवीजन राउंड चलेगा, जिसमें छूटे हुए लोगों और मकानों की जानकारी दोबारा जांची जाएगी।

पिछली बार नगर निगम क्षेत्र रहा था प्रदेश में पहले नंबर पर

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछली जनगणना में मेरठ ने अच्छा प्रदर्शन किया था। नगर निगम क्षेत्र पूरे उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था, जबकि जिला भी टॉप-10 में शामिल था। इस बार भी बेहतर प्रदर्शन के लिए 30 नवंबर तक अधिक से अधिक लोगों से स्वगणना कराने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि जनगणना का आंकड़ा सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोग होता है। इसलिए सभी लोग सही और पूरी जानकारी दर्ज कराएं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी और जनगणना कार्य निदेशालय के सहायक निदेशक शिवकुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User