योगी सरकार की योजनाओं का मिला उपहार, रिटायरमेंट के बाद स्ट्रॉबेरी से 22 लाख का कारोबार
- प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त होने के बाद मेरठ में स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे डॉ. सतीश शर्मा
-योगी सरकार की ड्रिप इरिगेशन योजना के तहत उन्हें करीब चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली
- इस वर्ष भी 42 हजार पौधों से दो एकड़ में कर रहे खेती; खुद की सफलता से अन्य किसानों को भी किया प्रेरित
मेरठ। उम्र के जिस पड़ाव पर अधिकांश लोग जिम्मेदारियों से मुक्ति पाकर सुकून की जिंदगी बिताने का सपना देखते हैं, उसी उम्र में डॉ. सतीश शर्मा ने अपने जीवन का नया अध्याय लिखना शुरू किया। हाथ में कभी विद्यार्थियों और शिक्षकों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी थी, अब उन्हीं हाथों ने खेतों में नई संभावनाओं के बीज बो दिए। डिग्री कॉलेज में प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने आराम के बजाय खेती को चुना और योगी सरकार की कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर महज पांच माह में स्ट्रॉबेरी की खेती से 22 लाख रुपये का कारोबार खड़ा कर दिया। उनकी यह पहल केवल आर्थिक सफलता की कहानी नहीं, बल्कि इस बात का उदाहरण है कि इच्छाशक्ति, अनुभव और सही सरकारी सहयोग मिल जाए तो रिटायरमेंट जिंदगी का ठहराव नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत बन सकता है। आज वह खुद आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने के साथ दूसरे किसानों के लिए भी उम्मीद की किरण बन रहे हैं।
प्राचार्य से किसान बनने का सफर
अंसल कॉलोनी निवासी डॉ. सतीश शर्मा ने जून 2025 में प्राचार्य पद से सेवानिवृत्ति ली थी। जेनेटिक्स एवं प्लांट ब्रीडिंग विषय में पीएचडी करने वाले डॉ. शर्मा का कृषि से पुराना नाता रहा है। उन्होंने अपने सेवाकाल में शिक्षकों को खेती की तकनीक और कृषि विज्ञान की बारीकियां सिखाईं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपने ज्ञान और अनुभव को प्रयोगशाला तथा कक्षाओं तक सीमित रखने के बजाय सीधे खेतों में उतारने का फैसला किया। उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि जीवन की दूसरी पारी खेती और किसानों के बीच बिताएंगे।
डॉ. शर्मा को प्रदेश में कृषि और उद्यानिकी को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी थी। इसी जानकारी ने उन्हें परंपरागत खेती से आगे बढ़कर कुछ नया करने का रास्ता दिखाया। उन्होंने जिला उद्यान विभाग से संपर्क कर स्ट्रॉबेरी उत्पादन की संभावनाएं तलाशीं। विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता मिलने के बाद सितंबर 2025 में उन्होंने 14 बीघा जमीन पर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की। योगी सरकार की ड्रिप इरिगेशन योजना के तहत उन्हें करीब चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इसके अलावा स्प्रिंकलर और खेती से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। समय पर मिले संसाधनों और वैज्ञानिक तरीके से की गई खेती का परिणाम यह रहा कि पहली ही फसल ने उन्हें बड़ी सफलता दिलाई।
पांच माह में 22 लाख का कारोबार, गलतियों से भी सीखा सबक
डॉ. सतीश शर्मा बताते हैं कि स्ट्रॉबेरी की खेती का प्रमुख सीजन सितंबर से मार्च तक रहता है। इसकी खासियत यह है कि कम अवधि में तैयार होने वाली इस फसल से अच्छी आमदनी की संभावना रहती है। हालांकि इसके लिए मौसम, सिंचाई, पौधों की देखभाल और बाजार की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष स्ट्रॉबेरी की फसल से करीब पांच माह में 22 लाख रुपये का कारोबार हुआ। पहली बार बड़े स्तर पर उत्पादन करने के कारण मार्केटिंग और सप्लाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई। इसके चलते करीब चार लाख रुपये का नुकसान भी उठाना पड़ा। इस अनुभव ने उन्हें खेती के साथ बाजार प्रबंधन की अहमियत भी समझाई। अब उन्होंने उत्पादन के साथ ही मार्केटिंग और सप्लाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है। उनका कहना है कि खेती में केवल अच्छी फसल पैदा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही समय पर सही बाजार तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।
इस बार 42 हजार पौधों से दो एकड़ में उत्पादन
पहली फसल से मिले अनुभव और उत्साह के बाद डॉ. शर्मा ने इस बार खेती का दायरा बढ़ा दिया है। अब वह दो एकड़ क्षेत्रफल में करीब 42 हजार स्ट्रॉबेरी के पौधों के साथ उत्पादन कर रहे हैं। इनमें से लगभग 30 हजार पौधे उन्होंने महाराष्ट्र के महाबलेश्वर से 13 रुपये प्रति पौधे की दर से मंगाए हैं, जबकि जिला उद्यान विभाग की ओर से 12 हजार पौधे सब्सिडी पर उपलब्ध कराए गए हैं।
स्ट्रॉबेरी के साथ वह सहफसली खेती पर भी जोर दे रहे हैं। सितंबर के अंतिम सप्ताह में स्ट्रॉबेरी के पौधे लगाने के साथ ही उन्होंने 38 किलो लहसुन का बीज भी बोया है। इससे करीब पांच कुंतल बीज तैयार होने की उम्मीद है। इसके अलावा जनवरी के बाद बढ़ते तापमान से स्ट्रॉबेरी की फसल को बचाने के लिए खेत में करीब एक लाख रुपये की लागत से मचान तैयार कराया जा रहा है। इस पर तोरी की बेलें चढ़ाई जाएंगी, जिससे स्ट्रॉबेरी के पौधों पर सूर्य की सीधी किरणें नहीं पड़ेंगी और खेत का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी। डॉ. शर्मा को इस बार पिछले अनुभव और बेहतर प्रबंधन के आधार पर मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
तकनीक और मौसम का संतुलन ही सफलता की कुंजी
डॉ. शर्मा के अनुसार स्ट्रॉबेरी की खेती में तापमान का विशेष महत्व है। करीब 35 डिग्री सेल्सियस तापमान पर पौधों का जीवित रहना मुश्किल हो जाता है। इसलिए फसल को बचाने के लिए समय के अनुसार खेत में छाया और नमी का प्रबंधन करना पड़ता है। स्ट्रॉबेरी के साथ लहसुन और तोरी जैसी सहफसली फसलों का प्रयोग भी इसी रणनीति का हिस्सा है।
उनका कहना है कि स्ट्रॉबेरी के पौधे की एक विशेषता यह भी है कि एक पौधे से अनुकूल परिस्थितियों में 30 से 40 नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं। इससे भविष्य में पौधों की उपलब्धता और उत्पादन लागत को लेकर भी संभावनाएं बनती हैं। हालांकि तैयार स्ट्रॉबेरी अधिक समय तक सुरक्षित नहीं रखी जा सकती। सर्दियों में इसे तीन से चार दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है, जबकि तापमान बढ़ने पर इसकी अवधि घटकर करीब एक दिन रह जाती है। इसलिए तुड़ाई के बाद शीघ्र आपूर्ति और बेहतर बाजार प्रबंधन जरूरी है। फिलहाल वह अपनी उपज दिल्ली की आजादपुर मंडी में सप्लाई कर रहे हैं।
खुद सफल हुए तो दूसरे किसानों को भी दिखाई राह
डॉ. सतीश शर्मा अपनी सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रखना चाहते। उनका मानना है कि यदि किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक और नकदी फसलों को अपनाएं तो उनकी आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुल सकते हैं। वह क्षेत्र के किसानों को गन्ना और आलू जैसी परंपरागत फसलों के साथ स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट यानी कमलम और एप्पल बेर जैसी फसलों की खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों का असर भी दिखने लगा है। उनकी सलाह पर माछरा ब्लॉक के अमरपुर गांव निवासी राजू कुमार ने करीब तीन बीघा जमीन पर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की है। वहीं डॉ. सत्यवीर सिंह ने लगभग एक एकड़ में स्ट्रॉबेरी के पौधे लगाए हैं। डॉ. शर्मा इन किसानों को पौधों के चयन से लेकर रोपाई, सिंचाई, फसल प्रबंधन और उत्पादन तक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। उनका प्रयास है कि खेती का यह नया प्रयोग अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा हों।
सरकारी योजनाओं से बदली खेती की तस्वीर
जिला उद्यान अधिकारी अरूण कुमार के अनुसार स्ट्रॉबेरी की फसल करीब छह माह में तैयार हो जाती है। इसके बाद किसान दूसरी फसल भी ले सकते हैं। यह गन्ने जैसी लंबी अवधि वाली फसलों की तुलना में कम समय में आमदनी देने वाली नकदी फसल है। इसकी बिक्री के लिए बाजार भी उपलब्ध है। विभाग की ओर से किसानों को उद्यानिकी फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के साथ योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
डॉ. सतीश शर्मा की कहानी इसी बदलाव की एक तस्वीर पेश करती है। योगी सरकार की योजनाओं से मिले सहयोग ने उनके वर्षों के कृषि ज्ञान को जमीन पर उतारने का अवसर दिया। एक सेवानिवृत्त प्राचार्य ने अपनी दूसरी पारी को न केवल आर्थिक रूप से सफल बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया, बल्कि दूसरे किसानों को भी आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाया। उनका मानना है कि उम्र कभी नई शुरुआत में बाधा नहीं बनती। जरूरत केवल अपने अनुभव पर भरोसा करने, मेहनत से पीछे न हटने और बदलते समय के साथ नए अवसरों को पहचानने की है। अब उनके खेतों में उगती स्ट्रॉबेरी केवल एक फसल नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी संदेश है जो रिटायरमेंट के बाद अपनी भूमिका को समाप्त मान लेते हैं। सही सोच और संकल्प हो तो जीवन की दूसरी पारी भी नई पहचान, सम्मान और समाज के लिए उपयोगिता अर्जित कर सकती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)