कांगो में सेना का विमान रिहायशी इलाके में गिरा, 14 लोगों की मौत
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब कांगो की सेना का एक विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई, जिनमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
तकनीकी खराबी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश
यह विमान शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा जा रहा था, तभी बीच रास्ते में इसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने क्वांगो प्रांत के केंगे शहर में विमान उतारने की कोशिश की।
क्वांगो के उप-गवर्नर रेमी साकी बोकिंदा ने बताया, "केंगे में कोई लैंडिंग स्ट्रिप उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते विमान एक रिहायशी प्लॉट में जा गिरा।"
सभी सवार यात्रियों की मौत पायलट का शव मलबे के बाहर मिला
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर-जनरल एफोमी एकेंगे ने बताया कि इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा, "विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। 12 शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान नहीं हो पाई, जबकि पायलट का शव विमान के बाहर मिला।"
सेना के मुताबिक मारे गए लोगों में आम नागरिक भी शामिल थे और दो जनरलों के साथ यात्रा कर रहे एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और अन्य सैन्यकर्मी भी शामिल थे।
बोकिंदा ने भी बताया कि ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह जल गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया, और पायलट का शव मलबे के बाहर मृत अवस्था में पाया गया।
हादसे की जांच शुरू
मेजर-जनरल एकेंगे के मुताबिक हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
दशकों से संघर्ष झेल रहा है DRC
गौरतलब है कि खनिज संपदा से भरपूर मध्य अफ्रीका का यह विशाल देश दशकों से संघर्ष की मार झेल रहा है, खासकर रवांडा से लगती अपनी पूर्वी सीमा पर, जहां कई सशस्त्र गुट मुनाफे वाले खनन क्षेत्रों पर कब्जे के लिए आपस में भिड़ते रहते हैं। कांगो की सेना पिछले साल से कई विद्रोही गुटों से लगातार जूझ रही है, जिन्होंने देश के कई महत्वपूर्ण शहरों पर कब्जा करने का दावा किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)