गोरखपुर में जलभराव से हाहाकार, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने यूपी सरकार पर साधा निशाना
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव ने आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बेतियाहाता इलाके में एक पीड़ित महिला से मुलाकात की, जिसकी दुकान और घर का सारा सामान बारिश के पानी में बर्बाद हो गया।
मुलाकात के दौरान महिला ने बताया कि उसने लोन लेकर अपनी छोटी सी दुकान शुरू की थी लेकिन जलभराव के कारण उसका पूरा सामान खराब हो गया। अब उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला
स्थिति का जायजा लेने के बाद अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "गोरखपुर को 'स्पेन' बनाने का दावा करने वालों को बेतियाहाता की इस गरीब महिला की दुकान में भरा पानी और बर्बाद हुआ सामान जरूर देखना चाहिए। लोन लेकर अपनी आजीविका चलाने वाली महिला की दुकान में भारी बारिश के बाद जलभराव से पूरा सामान बर्बाद हो गया। यह सिर्फ एक दुकान का नुकसान नहीं बल्कि पूरे गोरखपुर में आम लोगों, दुकानदारों और परिवारों को हुए करोड़ों रुपए के नुकसान का सवाल है।"
उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल पूरे गोरखपुर में हुए नुकसान का सर्वे कराए और प्रभावित नागरिकों, दुकानदारों एवं गरीब परिवारों को उचित मुआवजा दे। साथ ही, उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा, "मुख्यमंत्री गोरखपुर को 'स्पेन' बताने से नहीं, गोरखपुर वासियों की जिंदगी, संपत्ति और आजीविका सुरक्षित करने से विकास साबित होगा।"
वहीं, फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 को बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "उन्होंने जो अच्छा काम किया है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने लोगों की जान बचाई है। लोगों की जान बचाना एक सेवा है और इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।"
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)