Sports News: 2030 तक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना शुरू कर सकती है अफ़ग़ानिस्तान की महिला शरणार्थी टीम

Jul 14, 2026 - 11:36
0 0
Sports News: 2030 तक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना शुरू कर सकती है अफ़ग़ानिस्तान की महिला शरणार्थी टीम

Sports News: ICC ने एडिनबर्ग के अपनी वार्षिक बैठक में अफ़ग़ान शरणार्थी महिला टीम के लिए रोडमैप तैयार करने के उद्देश्य से एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स का गठन किया 

ICC ने पहली बार अफ़ग़ान महिला शरणार्थी टीम की संभावित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समयसीमा तय की है। ये महिलाएं 2030 तक ICC टूर्नामेंट का हिस्सा बन सकती हैं क्योंकि ICC ने अपनी वार्षिक बैठक में अफ़ग़ान महिला शरणार्थी टीम का रोडमैप बनाने के लिए एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स का फिर से गठन किया है। इनमें से कई महिलाओं को अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने 2020 में केंद्रीय अनुबंध भी दिया था।

इस फ़ैसले का मतलब यह नहीं है कि ये महिलाएं, अफ़ग़ानिस्तान की टीम के तौर पर खेल पाएंगी क्योंकि उन्हें अभी भी ACB का समर्थन नहीं प्राप्त होगा। तालिबान के नेतृत्व वाली अफ़ग़ानिस्तान की सरकार महिलाओं के अधिकार पर लगातार प्रतिबंध लगा रही है, लेकिन ICC के इस फ़ैसले से टीम को किसी दूसरे नाम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने का मौक़ा मिल सकता है।

ICC की स्पेशल टास्क फ़ोर्स में BCCI, ECB और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि शामिल हैं। अब इसमें ICC के स्वतंत्र निदेशक डॉ रॉस रिवाज़ और ICC की चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव कमेटी की सदस्य और क्रिकेट आयरलैंड की CEO सारा कीन भी शामिल हो गई हैं। ये सभी सदस्य मिलकर एक ऐसी योजना बनाएंगे, जिससे अफ़ग़ानिस्तान महिला शरणार्थी XI के लिए 2030 तक ट्रेनिंग और मैचों का प्रोग्राम तैयार किया जा सके। अगर यह कोशिश सफल रहती है तो अफ़ग़ानिस्तान की महिला टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकती है।

हालांकि ACB ने 2017 में फ़ुल मेंबरशिप की शर्तों के तहत अपनी महिला टीम बनाने का वादा किया था, लेकिन 2021 में अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान का शासन आ गया और इससे संबंधित योजनाएं समाप्त हो गईं। उस समय तक अफ़ग़ानिस्तान की महिला टीम ने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था। इसके बाद अफ़ग़ानिस्तान की ज़्यादातर महिला खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में जाकर बस गईं और उनमें से कुछ कनाडा और यूनाइटेड किंगडम में रहने लगीं।

अफ़ग़ानिस्तान महिला XI ने पहली बार जनवरी 2025 में मेलबर्न में एकसाथ खेला और तब से वह दो टूर पर जा चुकी हैं - 2025 में महिला ODI विश्व कप के दौरान भारत का टूर और 2026 में T20 विश्व कप के दौरान इंग्लैंड का टूर शामिल है।

इन दौरों के लिए वित्तीय सहायता ICC के सपोर्ट प्रोग्राम के तहत दी गई, जिसमें BCCI, ECB और CA के साथ-साथ पिच आवर फ़्यूचर (Pitch Our Future) नामक फ़ंड रेज़िंग कैम्पेन शामिल था। आगे यह काम इन्हीं तरीकों से जारी रहेगा। इसमें खिलाड़ियों को उनकी रहने की जगह पर कोचिंग और फ़ीज़ियोथेरेपी की सुविधा मिलेगी, जहां वह स्थानीय माहौल में खेलना जारी रखेंगी।

ICC के एक बयान में अफ़ग़ानिस्तान की महिला शरणार्थी क्रिकेटर नाहिदा सपन ने कहा, "इस प्रोग्राम से हमें सच में काफ़ी फ़ायदा हुआ है। इससे न सिर्फ़ हमें क्रिकेट खेलना जारी रखने में सहायता प्राप्त हुई है बल्कि इसने हमें एकसाथ आने और एक टीम के तौर पर खेलने का मौक़ा भी दिया है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह सुनकर अच्छा लगता है कि ICC और टास्कफ़ोर्स हमारे विकास में साथ देने के लिए हमें लंबे समय तक मदद देने का वादा कर रही हैं। हम इस बात की सराहना करते हैं कि दूसरे देशों की खिलाड़ियों की तरह हमारे भी खेलने के अधिकारों को महत्व दिया जा रहा है।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User