60 साल का भाखड़ा विवाद खत्म, हिमाचल को 20 साल तक मिलेगी मुफ्त बिजली

Nov 07, 2026 - 12:18
Updated: 5 days ago
0 9
60 साल का भाखड़ा विवाद खत्म, हिमाचल को 20 साल तक मिलेगी मुफ्त बिजली
हिमाचल

पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच भाखड़ा-ब्यास परियोजना को लेकर करीब 60 साल से चला आ रहा विवाद अब सुलझ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने तीनों राज्यों के बीच हुए समझौते को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पंजाब और हरियाणा अगले 20 साल में हिमाचल प्रदेश को कुल 11,973 मिलियन यूनिट बिजली देंगे।

खास बात यह है कि हिमाचल को यह बकाया पैसा देकर नहीं, बल्कि बिजली के रूप में मिलेगा। इससे पंजाब और हरियाणा पर एक साथ आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और हिमाचल को भी उसका बकाया हिस्सा मिल सकेगा।

क्या है पूरा समझौता?

सुप्रीम कोर्ट ने तय किया है कि पंजाब और हरियाणा अगले 20 साल तक हर साल हिमाचल प्रदेश को करीब 598 मिलियन यूनिट बिजली देंगे।यह बिजली अक्टूबर से मार्च के बीच सर्दियों के 20 सीजन में दी जाएगी। समझौते के मुताबिक दोनों राज्य मिलकर हिमाचल को उसका पुराना बकाया बिजली हिस्सा लौटाएंगे।

1944 से चल रहा था विवाद

भाखड़ा-ब्यास परियोजना को लेकर विवाद की शुरुआत साल 1944 में हुई थी। उस समय सतलुज नदी पर भाखड़ा-नांगल हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना का प्रस्ताव रखा गया था। बाद में ब्यास नदी पर देहर और पोंग बांध बनाए गए।इन परियोजनाओं के लिए हिमाचल प्रदेश की जमीन और संसाधनों का इस्तेमाल हुआ, लेकिन बिजली के बंटवारे में हिमाचल को उसका हिस्सा नहीं मिला।1 नवंबर 1966 को पंजाब पुनर्गठन के बाद पंजाब और हरियाणा अलग-अलग राज्य बने। हिमाचल प्रदेश ने भी परियोजनाओं में अपने हिस्से की बिजली की मांग शुरू कर दी। लेकिन इस मांग पर लंबे समय तक सहमति नहीं बन सकी।

2011 में सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल को दिया था 7.19% हिस्सा

इस विवाद में साल 2011 में सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया था। हिमाचल प्रदेश ने 1996 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।27 सितंबर 2011 को कोर्ट ने हिमाचल के पक्ष में फैसला देते हुए उसे अविभाजित पंजाब की बिजली में 7.19 प्रतिशत हिस्सा देने का आदेश दिया था।

इसके अलावा बिजली का बंटवारा इस प्रकार तय किया गया था:

पंजाब: 51.80 प्रतिशत

हरियाणा: 37.51 प्रतिशत

हिमाचल प्रदेश: 7.19 प्रतिशत

चंडीगढ़: 3.50 प्रतिशत

हालांकि, 2011 के फैसले के बाद भी हिमाचल को 1966 से अक्टूबर 2011 तक का बकाया नहीं मिल पाया था। इसी वजह से विवाद जारी रहा।

13,066 मिलियन यूनिट था हिमाचल का बकाया

केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की गणना के अनुसार, हिमाचल प्रदेश का कुल बकाया 13,066 मिलियन यूनिट बिजली था।इसमें परियोजनाओं की निर्माण लागत और कर्ज चुकाने से जुड़े खर्चों का हिसाब भी शामिल किया गया। पंजाब और हरियाणा के हिस्से की वित्तीय देनदारी को समायोजित करने के बाद हिमाचल को 11,973 मिलियन यूनिट बिजली देने पर सहमति बनी।

पंजाब और हरियाणा पर क्या होगा असर?

इस समझौते से तीनों राज्यों को राहत मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश: हर साल 598 मिलियन यूनिट अतिरिक्त बिजली मिलेगी। राज्य इसका इस्तेमाल कर सकेगा या बेचकर कमाई कर सकेगा।

पंजाब: एक साथ बड़ी रकम चुकाने की जरूरत नहीं होगी। बिजली के रूप में धीरे-धीरे बकाया दिया जाएगा।

हरियाणा: अगले 20 साल में तय हिस्से के अनुसार बिजली देकर अपनी देनदारी पूरी कर सकेगा।

इस तरह सुप्रीम कोर्ट के समझौते से दशकों पुराने विवाद का समाधान हो गया है। अब हिमाचल प्रदेश को उसका बकाया हिस्सा अगले 20 साल में बिजली के रूप में मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
सिरोही

( कंटेंट राइटर ) 2

Comments (0)

User