मेरठ में भाकियू की महापंचायत में पहुंचे राकेश टिकैत, कहा- पुलिस को अपने व्यवहार में थोड़ा नरम रुख अपनाना होगा
- बड़ी संख्या में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान; कमिश्नरी पार्क का किया घेराव।
- राकेश टिकैत ने किसानों के साथ खाना खाया।
मेरठ। भाकियू की ऐलानिया महापंचायत में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर मेरठ पहुंचे। किसानों ने कमिश्नरी पार्क का घेराव किया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसान कुर्सियां और खाने-पीने का सामान साथ लेकर कमिश्नरी पार्क में जुटने लगे। मेरठ कमिश्नरी पर किसानों की महापंचायत जारी है। महापंचायत में राकेश टिकैत पहुंचे। पंचायत स्थल पर राकेश टिकैत और संगठन के अन्य पदाधिकारी मंच पर ही खाना खा रहे हैं। खाना खाने के साथ-साथ पंचायत भी जारी है। राकेश टिकैत ने कहा- पुलिस को अपने व्यवहार में थोड़ा नरम रुख अपनाना होगा। पुलिस का कठोर व्यवहार गुंडों के लिए होना चाहिए, आंदोलनकारियों के लिए नहीं।
मंगलवार को मेरठ में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू टिकैत) की महापंचायत है। इसमें तीनों तहसीलों से करीब 1000 किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कमिश्नरी परिसर पहुंचे। कमिश्नरी के चारों तरफ 100 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी हैं। किसान अपनी लंबित मांगों को लेकर कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन और घेराव कर रहे हैं।
महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। किसानों के लिए संगठन की ओर से भंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां हजारों किसानों के लिए खाना तैयार किया जा रहा है। महापंचायत को लेकर भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने सोमवार को जिले के कई गांवों और तहसील क्षेत्रों में बैठक कर किसानों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की थी।
किसान बोले- मांगें पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना चलेगा
किसानों का कहना है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो महापंचायत को अनिश्चितकालीन धरने में बदल दिया जाएगा।
किसानों ने कमिश्नरी परिसर को चारों तरफ से घेर लिया है। बड़ी संख्या में किसान मौके पर मौजूद हैं।
राकेश टिकैत के पहुंचते ही पंचायत स्थल पर पहुंचे अधिकारी
पंचायत स्थल पर राकेश टिकैत के पहुंचने के बाद एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने राकेश टिकैत से बातचीत की।
पंचायत स्थल पहुंचने से पहले रवि गौतम से मिले राकेश टिकैत
पंचायत स्थल पर जाने से पहले राकेश टिकैत, ललिता गौतम प्रकरण को लेकर कमिश्नरी पार्क में धरने पर बैठे रवि गौतम से मिले। इसके बाद उन्होंने कहा- पुलिस को अपने व्यवहार में थोड़ा नरम रुख अपनाना होगा। पुलिस का कठोर व्यवहार गुंडों के लिए होना चाहिए, आंदोलनकारियों के लिए नहीं।
ट्रैक्टरों की भीड़ से जाम, अधिकारी पहुंचे
पंचायत स्थल के आसपास बड़ी संख्या में ट्रैक्टर पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद एसपी सिटी और एडीएम सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)