राज ठाकरे के बयान से राजनीति गरमाई,  लालू यादव की बेटी ने कहा- छठी मैया इन्हें सद्बुद्धि दें

Nov 16, 2026 - 13:54
Updated: 5 days ago
0 2
राज ठाकरे के बयान से राजनीति गरमाई,  लालू यादव की बेटी ने कहा- छठी मैया इन्हें सद्बुद्धि दें
छठी मैया

नई दिल्ली। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में प्रमुखता से मनाये जाने वाले छठ पर्व को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के एक बयान को लेकर एक बार फिर महाराष्ट्र-बिहार समेत पूरे देश में राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर बड़ी संख्या में प्रतिक्रिया भी आ रही है। 

ऐसा ही वाकया वर्ष 2008 में हुआ था। तब छठ पूजा को लेकर राज ठाकरे के दिए गए बयान पर रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव ने खुली चुनौती दी थी। तब राज ठाकरे ने छठ पूजा को 'नौटंकी' और 'राजनीतिक ताकत का जरिया' बताया था। उस वक्त रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने राज ठाकरे को सार्वजनिक तौर पर खुली चुनौती दी थी और कहा था कि वह मुंबई में राज ठाकरे के घर के बाहर ही छठ पूजा करेंगे। यह विवाद तब और बढ़ गया जब राज ठाकरे ने चेतावनी दी कि अगर लालू इस त्योहार के लिए मुंबई आते हैं, तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा।

छठ पूजा को लेकर राज ठाकरे ने क्या बोला था?

राज ठाकरे ने हाल ही में सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा था- 'भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके पाले- पोसे गये जहरीले सोशल मीडिया इकोसिस्टम इस समय 'छठ पूजा' के मुद्दे का इस्तेमाल करके मुंबई में टकराव पैदा करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए, वे सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स फैला रहे हैं जिनमें पूजा-पाठ के रीति-रिवाजों को दिखाया गया है और उन्हें एक 'सांस्कृतिक घुसपैठ' के रूप में पेश किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी संगीत बजाने की भी कोशिश की, जिसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने तुरंत रुकवा दिया।' राज ठाकरे ने आगे लिखा- 'फिर भी, भाजपा निराश है क्योंकि वे जिस टकराव को पैदा करना चाहते थे, वह हो नहीं पाया। यह सारी भागदौड़ और हथकंडे उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर अपनाए जा रहे हैं।'

18 साल बाद बेटी ने भी पिता की तरह ही दिया करारा जवाब

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी आज 18 साल बाद अपने पिता की तरह ही राज ठाकरे को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, 'ये राज ठाकरे कौन हैं और कौन से नेता इनका समर्थन कर रहे हैं? इन्हें जानता ही कौन है? जैसे बारिश के मौसम में मेंढक बाहर निकल आते हैं, वैसे ही छठ के समय कुछ असामाजिक तत्व सामने आ जाते हैं, जो बिहार की संस्कृति और आस्था को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं।'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि 'इन पर ध्यान देने की भी जरूरत नहीं है। ये हर साल छठ के समय सिर्फ मीडिया का ध्यान खींचने और चर्चा में बने रहने के लिए सामने आ जाते हैं। खैर, छठी मैया इन्हें सद्बुद्धि दें। इनके मन में भरी गंदगी और नफरत को दूर करने में इनकी मदद करें...। एक दिन ऐसा आएगा जब राज ठाकरे और उनके जैसे अन्य ये असामाजिक तत्व भी इस त्योहार को बहुत उत्साह के साथ मनाएंगे।'

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User