मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से म‍िले राहुल और प्रियंका गांधी, नाश्‍ते के दौरान हुई चर्चा

Sep 13, 2026 - 12:20
0 2
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से म‍िले राहुल और प्रियंका गांधी, नाश्‍ते के दौरान हुई चर्चा
Rahul and Priyanka Gandhi met Malaysian Prime Minister

नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के ल‍िए भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने नाश्ते पर मुलाकात की।

कांग्रेस पार्टी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर साझा करते हुए लिखा, "लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी ने नई दिल्ली में मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम से नाश्ते पर मुलाकात की।"

अपने दौरे के दौरान उन्होंने शनिवार को ब्रिक्स सम्मेलन के 'समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने' विषय पर आयोजित सत्र में भाग लिया। उन्होंने ब्रिक्स देशों के अन्य नेताओं के साथ नई दिल्ली में पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। शनिवार शाम को वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित गाला डिनर में भी शामिल हुए।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्‍क‍ियन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम की बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान अनवर इब्राहिम ने भारत के कोटा किनाबालू, सबाह में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थापित करने पर मलेशिया की सहमति भी जताई।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री इब्राहिम का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया और ब्र‍िक्‍स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की। दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद हुए कार्यों की समीक्षा की और व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति पर चर्चा की।

दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) के बीच संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के लगातार सहयोग की सराहना की।

एमईएने 'एक्‍स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्र‍िक्‍स शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के आधार पर दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।"

नई दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद अनवर इब्राहिम केरल जाने वाले हैं, जहां उनकी भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात तय है।

अनवर इब्राहिम ने 'एक्‍स' पर लिखा, "भारत यात्रा के दौरान मेरे कार्यक्रम में केरल जाकर भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात भी शामिल है। हम सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत में अपने कार्यक्रमों के बाद मैं राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा के लिए माले (मालदीव) जाऊंगा। उम्मीद है कि यह यात्रा सफल रहेगी और दोनों देशों के लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिलेगा।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User