राहुल गांधी: ई20 पेट्रोल के नाम पर जनता से धोखा

Nov 07, 2026 - 13:08
Updated: 5 days ago
0 8
राहुल गांधी: ई20 पेट्रोल के नाम पर जनता से धोखा
राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ई20 पेट्रोल के नाम पर जनता के साथ धोखा हो रहा है। राहुल गांधी का दावा है कि कई पेट्रोल कंपनियां पेट्रोल में तय सीमा यानी 20 प्रतिशत से ज्यादा एथेनॉल मिला रही हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार जनता से पेट्रोल के पैसे ले रही है, लेकिन गाड़ियों की टंकी में ज्यादा मात्रा में एथेनॉल डाला जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ई20 अब ई420 बन गया है।

14 में से 11 सैंपल में ज्यादा एथेनॉल मिलने का दावा

राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार की ओर से पेट्रोल के सैंपल की जांच का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि राज्य के 7 जिलों से पेट्रोल के 14 सैंपल लेकर मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई गई थी।राहुल गांधी के मुताबिक, जांच में 14 में से 11 सैंपल में 20 प्रतिशत से ज्यादा एथेनॉल पाया गया। उन्होंने दावा किया कि इंडियन ऑयल आईओसीएल के एक सैंपल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम एचपीसीएल के एक सैंपल में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिला।

पेट्रोल कंपनियों पर लगाए आरोप

राहुल गांधी ने आईओसीएल, एचपीसीएल, बीपीसीएल, नायरा और शेल जैसी सरकारी और निजी कंपनियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियां पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिला रही हैं और लैब रिपोर्ट में इसकी सही जानकारी भी नहीं दी जा रही है।उन्होंने कहा कि इसका सीधा नुकसान आम लोगों को हो रहा है।

गाड़ियों के माइलेज पर पड़ेगा असर?

राहुल गांधी ने कहा कि ज्यादा एथेनॉल मिलने से गाड़ियों का माइलेज कम हो सकता है। इससे लोगों को बार-बार पेट्रोल भरवाना पड़ेगा और गाड़ियों की देखभाल पर भी ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को यह जानकारी क्यों नहीं दी जाती कि पेट्रोल में कितनी मात्रा में एथेनॉल मिलाया गया है।

राहुल गांधी ने सरकार से पूछे सवाल

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार से पूछा कि पेट्रोल में वास्तव में कितनी मात्रा में एथेनॉल मिलाया जा रहा है? तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलने पर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी?उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकार की एथेनॉल नीति से आम जनता को फायदा हो रहा है या पेट्रोल कंपनियों को।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
सिरोही

( कंटेंट राइटर ) 2

Comments (0)

User