वंदे मातरम पर प्रमोद तिवारी का भाजपा को जवाब, कहा-कांग्रेस ने इसी गीत के साथ लड़ी आजादी की लड़ाई

Sep 10, 2026 - 14:44
0 4
वंदे मातरम पर प्रमोद तिवारी का भाजपा को जवाब, कहा-कांग्रेस ने इसी गीत के साथ लड़ी आजादी की लड़ाई

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद की सोशल मीडिया पोस्ट और ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आशीष सूद द्वारा 1980 के दशक के रेट्रो लुक वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने और बाद में उसे हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह एक “अजीब मजाक” है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही दिल्ली सरकार का कामकाज है। तिवारी ने आरोप लगाया कि दुख और संवेदना के समय में जब लोगों की आंखों में आंसू हैं, तब इस तरह की सोशल मीडिया पोस्ट करना जिम्मेदारी की कमी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार और उसके मंत्रियों को ऐसे समय में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

बता दें कि आशीष सूद ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि "वंदे मातरम हमारा गौरव है, यह भारत की आत्मा है।" इसे गाने से लोगों में जागृति आई और इसने ब्रिटिश शासन से आज़ादी की लड़ाई को मज़बूत किया। कांग्रेस का हमारे राष्ट्रगीत को केवल दो छंदों तक सीमित करने का प्रस्ताव पारित करना शर्मनाक है और यह हमारे राष्ट्रीय गौरव का अपमान है लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम वंदे मातरम के गौरव को बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वह क्या कह रही हैं और आगे क्या कह सकती हैं। तिवारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सरकार के मंत्रियों को अपने आचरण और बयानों के प्रति अधिक संवेदनशील होना चाहिए।

वहीं, ‘वंदे मातरम’ को लेकर भाजपा नेता नितिन नवीन की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए तिवारी ने कांग्रेस के इतिहास का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि 1937 में महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और मौलाना अबुल कलाम आजाद ने रवींद्रनाथ टैगोर को ‘वंदे मातरम’ के स्वरूप को लेकर जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उसी रूप को स्वीकार किया और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसी गीत के साथ अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया।

प्रमोद तिवारी ने नितिन नवीन को इतिहास की जानकारी रखने की सलाह देते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस आज भी उसी ऐतिहासिक निर्णय की बात कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा और संघ परिवार पर भी तीखा हमला बोला।

प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के नेता स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल जा रहे थे, यातनाएं झेल रहे थे और लाठियां खा रहे थे, तब संघ परिवार की भूमिका पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने भाजपा को कांग्रेस के इतिहास को चुनौती न देने की चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने इतिहास पर गर्व है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार बनाने और ब्रिटिश सेना में लोगों को शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप भी लगाया।

  इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User