काजीरंगा में 26 मौतों पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: पीड़ित परिवारों को 2 लाख और घायलों को मिलेंगे 50 हजार
असम। काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। नेशनल हाईवे-715 पर मिनीबस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। मृतकों में कई कॉलेज छात्र, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद मिनीबस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचककर लोहे के मलबे में तब्दील हो गया।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
नेशनल हाईवे-715 पर आमने-सामने भिड़े मिनीबस और कंटेनर
हादसा काजीरंगा नेशनल पार्क के कोहोरा रेंज में हथिकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की दिशा में बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनीबस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कंटेनर ट्रक सड़क किनारे फिसलकर जा पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य में मदद की।
कॉलेज से लौट रहे थे छात्र, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मिनीबस में करीब 45 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या कॉलेज के छात्रों की थी, जो कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा।
हादसे में कई छात्र-छात्राओं के अलावा महिलाएं और बच्चे भी मारे गए। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया।
9 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे के बाद घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से जख्मी लोगों को बोकाखात सिविल अस्पताल, गोलाघाट और जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 9 एंबुलेंस लगाई गई थीं। करीब 20 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा गया। चिकित्सकों के मुताबिक, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
14 मृतकों की पहचान, इनमें 12 साल का बच्चा भी शामिल
प्रशासन ने अब तक 26 मृतकों में से 14 की पहचान की है। इनमें ज्योति माझी, दर्पणा माझी, अनुराग गोआला (12 वर्ष), मिनीबस चालक अब्दुल मुजीद, हेल्पर सुभाष, राशिद अली, हफीजा खातून, फरहाना यास्मीन, केआर लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपांजलि रोंगफार शामिल हैं।
शेष मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन के मुताबिक, मृतकों का पोस्टमार्टम शनिवार को गोलाघाट के शहीद कुशल कोंवर सिविल अस्पताल में कराया जाएगा।
PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया।
- मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये।
- घायलों को 50-50 हजार रुपये।
यह सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है।
CM हिमंत बिस्वा सरमा बोले- सरकार पीड़ित परिवारों के साथ
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने पूरे असम को झकझोर दिया है और राज्य सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मंत्री रानोज पेगू जल्द काजीरंगा पहुंचेंगे, जबकि वह खुद शनिवार को घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा करेंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा पहले से ही मौके पर मौजूद थे और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? डैशकैम वीडियो की भी जांच
प्रारंभिक जांच में मिनीबस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वाहनों की गति को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और मिनीबस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
इस बीच कंटेनर ट्रक के डैशकैम का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें मिनीबस तेज रफ्तार से आती और अपनी लेन पार कर ट्रक से टकराती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पहले भी ओवरस्पीडिंग के लिए कट चुके थे मिनीबस के चालान
जांच में मिनीबस के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। गोलाघाट जिला परिवहन कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन पहले भी कई बार ओवरस्पीडिंग के मामलों में चालान का सामना कर चुका था।
वाहन नगांव निवासी अंजीर अली के नाम पर पंजीकृत था। अधिकारी के अनुसार, 3 मार्च को जोरहाट में 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने पर 4,000 रुपये का चालान किया गया था। इसके अलावा काजीरंगा इलाके में भी तेज रफ्तार के लिए कई चालान जारी हुए थे, जिनमें कुछ लंबित थे।
ओवरलोडिंग से लेकर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन तक होगी जांच
गोलाघाट जिला प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दोनों वाहनों में से किसी ने यातायात नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया था।
इसके अलावा मिनीबस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, गति सीमा तोड़ने और चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
सागर में SUV और ट्रक की भिड़ंत, 4 की मौत और 5 घायल
असम के अलावा मध्य प्रदेश के सागर जिले से भी सड़क हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-44 पर देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और SUV की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में SUV सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)