अरब सागर में पाकिस्तानी युद्धपोत की भारतीय नौसैनिक जहाज़ से टक्कर, भारत ने जताया कड़ा विरोध

Sep 16, 2026 - 16:10
0 42
अरब सागर में पाकिस्तानी युद्धपोत की भारतीय नौसैनिक जहाज़ से टक्कर, भारत ने जताया कड़ा विरोध
pakistani warship

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनातनी की स्थिति बन गई है। अरब सागर में एक पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज़ की भारतीय युद्धपोत से टक्कर के बाद भारत ने पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त साद अहमद वराइच को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार यह घटना 15 सितंबर की शाम अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई, जब ओमान से करीब 220 किलोमीटर पूर्व उत्तरी अरब सागर में गश्त पर तैनात एक भारतीय फ्रंटलाइन युद्धपोत के पास से एक पाकिस्तानी जंगी जहाज़ तेज़ रफ्तार में गुज़रा। सूत्रों के मुताबिक, समुद्र में उस वक्त तेज़ लहरें थीं और पाकिस्तानी जहाज़ ने बेहद लापरवाह व असुरक्षित तरीके से पैंतरेबाज़ी की, जिसकी वजह से दोनों जहाज़ आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि टक्कर में शामिल जहाज़ कौन-कौन से थे, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह पाकिस्तान की हुनैन क्लास की एक कोरवेट थी, जो भारतीय युद्धपोत से टकराई।

भारत ने जताई नाराज़गी

विदेश मंत्रालय ने इस पूरे घटनाक्रम को "अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण" करार दिया। मंत्रालय के मुताबिक पाकिस्तानी नौसेना की यह कार्रवाई भारत-पाकिस्तान के बीच 1991 में हुए उस समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है, जो दोनों देशों की सेनाओं को सैन्य अभ्यास, पैंतरेबाज़ी और सैनिकों की आवाजाही की पहले से सूचना देना अनिवार्य बनाता है।

तलबी के दौरान पाकिस्तानी राजनयिक को यह संदेश दिया गया कि दोनों देशों के बीच बने समझौतों का सम्मान करते हुए सभी सैन्य इकाइयों को ऐहतियात बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। पाकिस्तानी राजनयिक को यह संदेश आगे इस्लामाबाद स्थित विदेश मंत्रालय तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया है। साथ ही, इस्लामाबाद में तैनात भारतीय कार्यवाहक उच्चायुक्त को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का औपचारिक विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी राजनयिक को विदेश मंत्रालय के जनपथ स्थित कार्यालय में तलब किया गया, जहां वह करीब 30 मिनट तक मौजूद रहे।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

यह कोई पहला मौका नहीं है जब भारत और पाकिस्तान के युद्धपोतों के बीच इस तरह की भिड़ंत हुई हो। इससे पहले जून 2011 में भी पाकिस्तानी नौसेना के जहाज़ 'बाबर' और भारतीय युद्धपोत आईएनएस गोदावरी के बीच एक ऐसी ही घटना सामने आई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 1
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User