यूसीसी पर अखिलेश को यूपी के उपमुख्यमंत्रियों ने दिया जवाब, बोले- 'सपा के मुखिया करते हैं अनर्गल बयानबाजी'
लखनऊ। समान नागरिक संहिता (UCC) पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया हमेशा ऐसे ही अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। उनके पास कोई एजेंडा और कोई नीति नहीं है।
UCC पर अखिलेश यादव के बयान को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "समाजवादी पार्टी के मुखिया हमेशा ऐसे ही अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। उनके पास कोई एजेंडा और कोई नीति नहीं है। लोगों को बरगलाना, झुठलाना, किसी तरह से सत्ता प्राप्त करना, इसके सिवा उनके पास कोई काम नहीं है। समाजवादी पार्टी को लोग अब स्वीकार नहीं करेंगे। उनको कभी माफ नहीं करेंगे। गुंडई, अराजकता और दंगा, प्रदेश की समाजवादी पार्टी के शासन के दौरान जो हालात थे, आज भी लोग भूले नहीं हैं।"
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूसीसी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "उन्होंने जो कहा है वो तो हमारा वैचारिक मुद्दा है। जिन राज्यों में भाजपा की और एनडीए की सरकार है, वहां तो लागू करेंगे। अभी जहां पर सरकार नहीं है, वहां सरकार बनने के बाद इसे लागू करेंगे।"
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "अखिलेश यादव को मालूम नहीं है, जब से भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई है, जब से भाजपा है, ये सारे मुद्दे हमारे तब से हैं।"
इससे पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यूसीसी पर घोषणा को लेकर कटाक्ष किया था। उन्होंने अपने एक 'एक्स' पोस्ट में कहा कि भाजपा के यूसीसी का मतलब 'अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पीरेसी' है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "जनता समझ चुकी है कि भाजपा जिस यूसीसी की बात कर रही है, दरअसल उसकी फुल फॉर्म कुछ और है। यूसीसी मतलब 'अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पीरेसी'।" साथ ही, उन्होंने कहा, "पहले पिछले वादे निभाओ, यूसीसी फिर बाद में लाओ।"
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)