भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सीएम योगी समेत कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई

Sep 04, 2026 - 11:57
0 5
भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सीएम योगी समेत कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई
Shri Krishna Janmashtami

नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के सीएम की ओर से बधाई और शुभकानाएं दी गई हैं। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा गया, "कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्‌, भक्ति, प्रेम एवं धर्म के शाश्वत आलोक, वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण जी के पावन अवतरण दिवस 'श्रीकृष्ण जन्माष्टमी' की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म एवं निष्काम कर्म के आदर्श प्रतिष्ठित हों तथा चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि व लोकमंगल का विस्तार हो, यही प्रार्थना है। जय श्रीकृष्ण!"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। द्वारकाधीश भगवान श्री कृष्ण की कृपा से प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। उनका जीवन और श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश हमें धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के पथ पर सदैव दृढ़ रखे।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "समस्त प्रदेशवासियों को भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह, उमंग और सकारात्मकता का संचार करे, यही कामना है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "सच्चिदानंद रूप, धर्म संस्थापक, भक्ति, ज्ञान और कर्मयोग के परम प्रेरणास्रोत भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरित होकर हम ‘श्रीकृष्ण पाथेय’ के माध्यम से उनकी मध्यप्रदेश यात्रा से जुड़े पावन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा गुरु सांदीपनि की ज्ञान परंपरा से प्रेरित सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से भावी पीढ़ी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आइए, भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को आत्मसात कर समृद्ध एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "धर्म की स्थापना और सत्य के मार्ग का संदेश देने वाले भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संचार हो।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 'एक्स' पर लिखा, "कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य संदेश देकर मानवता का मार्गदर्शन करने वाले योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हरियाणा के सभी परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं प्रभु श्रीकृष्ण से प्रार्थना करता हूं कि उनके दिव्य आशीर्वाद से हरियाणा के प्रत्येक परिवार का जीवन सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति से आलोकित हो। यह पावन पर्व हमारे जीवन में प्रेम, भक्ति, सद्भाव और नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे तथा हमें धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पर लिखा, "श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव का संचार हो और हमारा राजस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे, यही प्रार्थना है। जय श्रीकृष्ण!"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्रीकृष्ण जी का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर अडिग रहने, कर्म को सर्वोच्च मानने और सत्य के लिए सदैव संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में उनके दिव्य उपदेश आज भी मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, प्रेम एवं समृद्धि का संचार हो और हमारा समाज धर्म, संस्कार एवं मानवता के मूल्यों के साथ निरंतर आगे बढ़े, यही मंगलकामना है।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User