NTA Clarification On Answer Key Fee: आंसर-की चैलेंज फीस पर NTA ने दी सफाई; कहा- 'एक अभ्यर्थी की सही आपत्ति से होता है लाखों छात्रों को फायदा, प्रक्रिया की गंभीरता के लिए जरूरी है शुल्क'
विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं (जैसे NEET, JEE Main, UGC NET, CUET) की उत्तर कुंजी (Answer Key) को चुनौती देने के लिए लगने वाले प्रति प्रश्न शुल्क पर उठ रहे सवालों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। जानिए NTA के इस आधिकारिक रुख और प्रक्रिया से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आंसर-की चैलेंज सिस्टम को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी। दरअसल, सोशल मीडिया पर ये चिंता जताई जा रही थी कि चैलेंज करने की फीस बहुत ज्यादा है। इस पर NTA ने कहा कि यह सिस्टम हर उम्मीदवार के लिए निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया है।
एजेंसी ने 'X' पर पोस्ट करके पूरी प्रक्रिया समझाई और बताया कि अगर एक भी छात्र सही आपत्ति उठाता है तो उसका फायदा परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवारों को मिलता है।
NTA के मुताबिक, अगर कोई उम्मीदवार किसी सवाल पर आपत्ति दर्ज कराता है और विषय विशेषज्ञ उस आपत्ति को सही मान लेते हैं, तो संशोधित आंसर-की उस परीक्षा में शामिल सभी छात्रों पर लागू कर दी जाती है।
NTA ने लिखा, "एक चैलेंज, सबको फायदा। अगर एक भी उम्मीदवार सवाल चैलेंज करता है और विशेषज्ञ उसे स्वीकार कर लेते हैं, तो बदली हुई आंसर-की हर उस उम्मीदवार पर लागू होगी जिसने परीक्षा दी थी।"
फीस को लेकर भी NTA ने स्थिति साफ की। एजेंसी ने बताया कि हर सवाल चैलेंज करने के लिए 200 रुपए देने होते हैं। अगर आप सही हैं तो फीस वापस मिल जाएगी। 200 रुपए प्रति सवाल वाली फीस उस उम्मीदवार को वापस कर दी जाती है जिसकी आपत्ति सही पाई जाती है। फीस रखने का मकसद कमाई करना नहीं है, बल्कि बिना वजह की फर्जी आपत्तियों को रोकना है।
एजेंसी ने छात्रों से अपील की कि अगर उन्हें आंसर-की में कोई असली गलती दिखे तो तय प्रक्रिया के जरिए आपत्ति जरूर दर्ज कराएं। NTA का कहना है कि एक सही चैलेंज से लाखों छात्रों के रिजल्ट में सुधार हो सकता है।
NTA ने एक्स पोस्ट में यह लिखा कि अगर आपने कोई असली गलती पकड़ी है और उसे उठाया है, तो न सिर्फ फीस वापस मिलेगी, बल्कि किसी एक उम्मीदवार की सही आपत्ति से लाखों अन्य छात्रों का रिकॉर्ड भी सही हो जाएगा।
NTA की आंसर-की चैलेंज एक ऑनलाइन प्रक्रिया है। इसके जरिए जेईई मेन, नीट, यूजीसी नेट जैसी परीक्षाओं के उम्मीदवार प्रोविजनल आंसर-की में दिए गए सवालों या जवाबों पर आपत्ति उठा सकते हैं।
NTA का यह बयान ऐसे समय में आया है जब वह परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर घिरा हुआ है। हाल ही में नीट-यूजी परीक्षा और यूजीसी-नेट से जुड़े मुद्दों को लेकर भी NTA की आलोचना हुई थी।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)