नौसेना प्रमुख ने की मॉरीशस की गृह व रक्षा सचिव से मुलाकात, समुद्री सुरक्षा पर फोकस

Aug 11, 2026 - 16:42
0 1
नौसेना प्रमुख ने की मॉरीशस की गृह व रक्षा सचिव से मुलाकात, समुद्री सुरक्षा पर फोकस

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन इन दिनों मॉरीशस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अपनी इस यात्रा के प्रारंभ में उन्होंने मॉरीशस सरकार में गृह एवं रक्षा मामलों की सचिव कान ओए फोंग वेंग-पूर्न, मॉरीशस पुलिस बल के पुलिस आयुक्त रामप्रसाद सूरूजीबली और मॉरीशस में भारत के उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव से मुलाकात की है।  

इस दौरान भारत व मॉरीशस के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की इन महत्वपूर्ण बैठकों में समुद्री सुरक्षा सहयोग, मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल की क्षमता बढ़ाने, और दोनों देशों के विशेष आर्थिक क्षेत्रों की संयुक्त निगरानी पर फोकस रहा। इसके अलावा, दोनों देशों के समुद्री सुरक्षा बलों के बीच परिचालन संबंधों का विस्तार भी चर्चा में रहा।

भारतीय नौसेना के अनुसार, बातचीत का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में बदलती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत और मॉरीशस के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाना है। दोनों पक्षों ने समुद्री क्षेत्र में सूचनाओं के आदान-प्रदान, निगरानी क्षमताओं को मजबूत करने और संयुक्त अभियानों के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया।

भारत और मॉरीशस के बीच लंबे समय से मजबूत समुद्री साझेदारी रही है। दोनों देश हिंद महासागर में सुरक्षित और स्थिर समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के साझा लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं। यह सहयोग भारत की 'महासागर' यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास की व्यापक विजन के अनुरूप है।

मॉरीशस हिंद महासागर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। ऐसे में उसके राष्ट्रीय तटरक्षक बल की निगरानी और समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करना भारत की क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत और मॉरीशस के समुद्री बलों के बीच पहले से ही प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, समुद्री निगरानी और संयुक्त गतिविधियों के क्षेत्र में सहयोग होता रहा है। नई बातचीत के दौरान इस सहयोग को और व्यापक बनाने तथा दोनों देशों के समुद्री सुरक्षा तंत्र के बीच परिचालन संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में दोनों देशों के विशेष आर्थिक क्षेत्रों की संयुक्त निगरानी का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहा। समुद्री क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, तस्करी, अवैध मछली पकड़ने और अन्य समुद्री सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक माना जा रहा है।

भारतीय नौसेना प्रमुख की मॉरीशस यात्रा को दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन 13 अगस्त तक मॉरीशस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री साझेदारी को और मजबूत करना तथा द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को नई ऊंचाई देना है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User