कांवड़ यात्रा से भगवामय होने लगे बाजार

Aug 01, 2026 - 22:19
0 10
कांवड़ यात्रा से भगवामय होने लगे बाजार
कांवड़ यात्रा से भगवामय होने लगे बाजार

- महादेव के स्लोगन वाली टी-शर्ट से लेकर भगवा गमछों तक बढ़ी मांग.

- रेडिमेड कपड़े के व्यापारियों, बर्तन बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे खिले.

मेरठ। कांवड़ यात्रा की आहट के साथ ही शहर के बाजार भगवामय होने लगे हैं। शिवभक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए दुकानों पर भगवा रंग की टी-शर्ट, गमछे, हॉफ पैंट, वाटरप्रूफ मोबाइल कवर और पूजन सामग्री की भरमार दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि इस बार महादेव के आकर्षक स्लोगन वाली टी-शर्ट युवाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। इससे व्यापारियों में भी उत्साह है और बाजार में रौनक छा गई है।

महादेव के संदेश वाली टी-शर्ट बनी युवाओं की पसंद

बाजार में अलग-अलग डिजाइन और प्रिंट वाली भगवा टी-शर्ट की अच्छी मांग है। टी-शर्ट पर लिखे महादेव के संदेश श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं। इनमें "काल उसका क्या करे, जो भक्त हो महाकाल का" और "चिंता नहीं काल की, बस कृपा बनी रहे मेरे महाकाल की" जैसे स्लोगन सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार युवा वर्ग इन टी-शर्ट को खासा पसंद कर रहा है।

80 से 500 रुपये तक मिल रही टी-शर्ट

कांवड़ियों की जरूरत और बजट को देखते हुए बाजार में 80 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की टी-शर्ट उपलब्ध हैं। साधारण प्रिंट से लेकर प्रीमियम डिजाइन वाली टी-शर्ट तक की अच्छी बिक्री हो रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से खरीदारी कर रहे हैं।

गमछे, मोबाइल कवर और हॉफ पैंट की भी बढ़ी बिक्री

केवल टी-शर्ट ही नहीं, बल्कि भगवा गमछे, वाटरप्रूफ मोबाइल कवर और कांवड़ यात्रा के दौरान उपयोग में आने वाली हॉफ पैंट की मांग भी तेजी से बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार हर वर्ष की तुलना में इस बार खरीदारी जल्दी शुरू हो गई है, जिससे कारोबार में अच्छा उछाल देखने को मिल रहा है।

सजावटी स्टील कलश की मांग भी बढ़ी

कांवड़ यात्रा के दौरान जलाभिषेक के लिए उपयोग होने वाले स्टील के सजावटी कलश और अन्य पूजन सामग्री की मांग में भी इजाफा हुआ है। आकर्षक डिजाइन वाले कलश श्रद्धालुओं को लुभा रहे हैं और इनकी बिक्री लगातार बढ़ रही है।

1500 करोड़ की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि कारोबार के लिहाज से भी बड़ा अवसर बनकर सामने आती है। व्यापारिक अनुमान के अनुसार इस बार कांवड़ यात्रा से करीब 1500 करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। वहीं, अकेले मेरठ में ही करीब 300 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यात्रा शुरू होने के साथ ही बाजार में कारोबार और तेज होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User