जेपी नड्डा ने अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा; राहत कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक की

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने अपने तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के अंतिम दिन अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्याओर जिले में बाढ़, फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण किया, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

Aug 06, 2026 - 17:08
0 2
जेपी नड्डा ने अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा; राहत कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक की

इटानगर। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इस क्रम में जेपी नड्डा ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश में आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया और जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

केंद्रीय मंत्री ने Social Media प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मैंने आज अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में मुख्यमंत्री पेमा खंडू भाजपा, उपमुख्यमंत्री चोवना मी भाजपा, मंत्रियों, विधायकों और राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक हाल ही में आई बाढ़ और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों के मेरे दौरे के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए आयोजित की गई थी।

उन्होंने कहा कि मैंने सभी संबंधित विभागों को आपदा के बाद उत्पन्न होने वाली जरूरतों को पूरा करने के लिए चल रहे राहत, पुनर्वास और स्वास्थ्य देखभाल प्रयासों को तेज करने का निर्देश दिया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, केंद्र सरकार राज्य सरकार के समन्वय से प्रभावित लोगों को त्वरित राहत, वित्तीय सहायता और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करना जारी रखेगी।

यह उनके तीन दिवसीय दौरे का आखिरी चरण है। इससे पहले वे असम और नागालैंड के बाढ़ और भूस्खलन वाले इलाकों का जायजा ले चुके हैं। बुधवार को जेपी नड्डा असम में थे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ उन्होंने शिवसागर जिले के बिहुबोर और नेपाली खुटी इलाकों का दौरा किया था। यहां बाढ़ से सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है, खेत पानी में डूब गए और मवेशियों का भी काफी नुकसान हुआ है।

लोगों से बात करते हुए जेपी नड्डा ने कहा था कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत और पुनर्वास के काम में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया था कि केंद्र की टीम नुकसान का आकलन कर रही है ताकि मदद का काम जल्द शुरू किया जा सके। जेपी नड्डा ने असम के लोगों को भरोसा दिलाया कि पुनर्निर्माण में केंद्र हर संभव मदद करेगा।

असम के बाद जेपी नड्डा नागालैंड पहुंचे। उनके साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री आशोक सिंघल और राज्यसभा सदस्य फांगनोन कोन्याक भी थे। नागालैंड के मोन जिले में भारी बारिश से कई जगह भूस्खलन हुआ। डिफेंस कॉलोनी और तेचा वार्ड के आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।

जेपी नड्डा ने डिफेंस कॉलोनी में टूटे घरों और बंद सड़कों को देखा। उन्होंने कोन्यक यूनियन ऑफिस में रह रहे विस्थापित परिवारों से बात की और जिनके घर वाले इस आपदा में चले गए उनसे मिलकर ढांढस बंधाया।

इनपुट :आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User