मेरठ: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के काफिले पर फायरिंग का मामला, पुरानी रंजिश में हमले का आरोप, जांच में जुटी पुलिस 

Jul 21, 2026 - 12:26
0 12
मेरठ: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के काफिले पर फायरिंग का मामला, पुरानी रंजिश में हमले का आरोप, जांच में जुटी पुलिस 
  • बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के जाते ही चली गोलियां, मेरठ में स्वागत करने आए लोगों पर हमला; पीड़ित बोला- कार से कुचलने की कोशिश की.

मेरठ। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा सोमवार को मेरठ पहुंचे। उनका स्वागत करने के लिए करीब 400 भाजपा कार्यकर्ता परतापुर टोल प्लाजा पर इकट्‌ठा हुए थे। थोड़ी देर रुकने के बाद रोहित मिश्रा का काफिला टोल प्लाजा से आगे बढ़ गया। इसके करीब 10 मिनट बाद कुछ लोग दूसरे पक्ष पर पुरानी रंजिश को लेकर गोलियां चलाने लगे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। उनके बीच झगड़ा चल रहा है। ये सभी रोहित मिश्रा के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान एक पक्ष हथियार लेकर पहुंचा था। पहले कार से टक्कर मारने की कोशिश की गई, फिर फायरिंग की गई। पीड़ित श्वेतांक त्यागी की शिकायत पर परतापुर थाने में केस दर्ज किया गया है। घटना दोपहर करीब 1 बजे की है।

कॉलेज के समय से चल रही है रंजिश

जागृति विहार में रहने वाले श्वेतांक त्यागी ने बताया- मैं अपने दोस्त मनीष ठाकुर के साथ भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने गया था। गंगानगर में रहने वाले राहुल अधाना, प्रवीण शर्मा और अवनीश भी वहां आए थे। मनीष ठाकुर और राहुल अधाना के बीच कॉलेज के समय से झगड़ा चल रहा है।

श्वेतांक का आरोप है कि राहुल और उसके साथी हथियार लेकर कार्यक्रम में आए थे। जैसे ही रोहित मिश्रा का जुलूस टोल प्लाजा से आगे निकला, राहुल अधाना, प्रवीण शर्मा और अवनीश ने अपनी गाड़ियों से हमें कुचलने की कोशिश की। इससे हम किसी तरह बच गए। इसके बाद राहुल अधाना और प्रवीण शर्मा गाड़ी से उतरे। उन्होंने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन, उनका निशाना चूक गया और हम लोग बाल-बाल बच गए।

मेरठ में ही थे मुख्य सचिव और डीजीपी

घटना के समय यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण भी मेरठ में मौजूद थे। फायरिंग से करीब 1 घंटे पहले ही दोनों अधिकारी परतापुर थाना क्षेत्र से होकर कमिश्नर ऑफिस पहुंचे थे। दोनों अफसर वहां कांवड़ यात्रा को लेकर हाई लेवल मीटिंग करने आए थे।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया "मामले की जांच के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और मौके के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।"

रोहित मिश्रा का 4 किमी तक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे काशी टोल प्लाजा पहुंचे। यहां पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। उनके काफिले में करीब 500 गाड़ियां शामिल रहीं। टोल प्लाजा से करीब 4 किमी तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने बुलडोजर से उन्हें माला पहनाई।

इस मौके पर डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा, "युवा ही देश का भविष्य हैं। राष्ट्र निर्माण, संगठन की मजबूती और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका है।" उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, समाज सेवा के कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User