Greater Noida bus fire incident: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत, चालक-परिचालक हिरासत में
Highlights
- पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की,
- बस चालक और परिचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप,
- बस में सवार थे 30 से ज्यादा यात्री, हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत.
रविन्द्र कुमार, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। पुलिस और दमकल टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सीएफओ गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे थाना जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर BR32PA8647 है और वह कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी, स्थानीय पुलिस बल, रेस्क्यू टेंडर, जेवर टोल पर मौजूद फायर टेंडर समेत कुल अन्य चार फायर टेंडर और फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद पुलिस और फायर सर्विस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। धुएं के बीच टीम बस के अंदर पहुंची तो वहां नौ यात्री मृत अवस्था में मिले। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बस के एसी में स्पार्क अथवा ब्लास्ट होना बताई जा रही है। आशंका है कि इसके बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगी और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकाला
आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू कर 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बस राजकल्प ट्रेवल एजेंसी की बताई जा रही है। इस घटना में काफी लोगों का समान, नगदी, जेवर, मोबाइल फोन आदि भी जल गया है।
चालक-परिचालक हिरासत में
घटना के संबंध में थाना जेवर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच के साथ अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने सड़क हादसे का लिया संज्ञान
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और उनसे संवाद कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)