Faridabad female teacher murder Case: स्कूल में घुसकर लेडी टीचर की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, सिरफिरे ने एकतरफा प्यार में वारदात को दिया अंजाम
एकतरफा प्यार में हुआ लेडी टीचर का मर्डर: फरीदाबाद में युवक से एक साल पहले जान-पहचान; प्रपोजल ठुकराया तो स्कूल में घुस 34 बार चाकू मारे
फरीदाबाद: स्कूल में घुसकर लेडी टीचर संध्या शर्मा (25) की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले युवक अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि अमित संध्या से एकतरफा प्यार करता था। वह पिछले एक साल से अपने दिल की बात उससे कहना चाहता था, लेकिन संध्या हर बार उसे नजरअंदाज कर देती थी। पुलिस के मुताबिक, छेड़छाड़ के मामले में माफी मांगने के बाद अमित को यह बात नागवार गुजरी कि संध्या ने स्कूल भी बदल लिया था और रहने की जगह भी बदल ली थी। इसी रंजिश में सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे वह संध्या के स्कूल पहुंचा। वहां उसने संध्या को उसके पति के नाम का हवाला देकर कमरे से बाहर बुलवाया। जैसे ही वह बाहर आई, अमित ने उसकी चोटी पकड़कर उसे कमरे से बाहर खींचा और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अमित ने महज 32 सेकेंड में संध्या पर 34 बार चाकू से वार किए। इनमें से करीब 10 वार उसकी गर्दन और आसपास के हिस्से पर किए गए। मृतका के पति विक्की गुर्जर का आरोप है कि पत्नी पहले सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थी। वहीं उनकी अमित से जान-पहचान हुई। हालांकि, अमित की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में अमित ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली थी।
लेडी टीचर के पति विक्की गुर्जर ने बताईं ये बातें…
लव मैरिज की, शादी के बाद 2 बच्चे हुए: मृतका संध्या शर्मा डबुआ इलाके की रहने वाली थीं। गांव फिरोजपुर निवासी विक्की गुर्जर ने उनसे लव मैरिज की थी। विक्की के मुताबिक, शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। इनमें 7 साल का एक बेटा और 5 साल की एक बेटी है। संध्या परिवार के साथ फिरोजपुर गांव में रहती थीं और वहीं से सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पढ़ाने जाती थीं। वह दूसरी कक्षा तक के बच्चों को पढ़ाती थीं।
एक साल पहले अमित से हुई थी जान-पहचान: विक्की ने बताया कि करीब एक साल पहले संध्या सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थी। उसी दौरान कोट गांव निवासी अमित का वहां आना-जाना था। वहीं दोनों की जान-पहचान हुई। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद अमित संध्या को परेशान करने लगा। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में अमित के माफी मांगने पर मामला वहीं सुलझा दिया गया।
परेशानी से बचने के लिए स्कूल बदल लिया: विक्की ने बताया कि संध्या ने सिरोही गांव के स्कूल में करीब तीन महीने तक ही नौकरी की। इसके बाद उन्होंने वहां की नौकरी छोड़कर सिकरौना स्थित 12वीं तक के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। स्कूल बदलने का मकसद यही था कि आगे किसी तरह की परेशानी न हो। वह निजी नौकरी करते हैं, जबकि संध्या को रोज अकेले स्कूल आना-जाना पड़ता था। इसलिए उन्होंने एहतियात के तौर पर स्कूल बदलने का फैसला लिया था।
अब जानिए कैसे की गई लेडी टीचर की हत्या…
पति का नाम लेकर कमरे से बाहर बुलाया: पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमित पूरी प्लानिंग के साथ संध्या की हत्या करने स्कूल पहुंचा था। उसने पहले से ही अपना चेहरा नकाब से ढक रखा था। स्कूल के गेट पर पहुंचकर उसने महिला सुरक्षाकर्मी से कहा कि संध्या को बाहर भेज दो, उनका पति विक्की उन्हें बुला रहा है। यह सुनकर संध्या कमरे से बाहर आ गईं।
चोटी पकड़कर खींचा, 32 सेकेंड में 34 बार चाकू से वार किए: जैसे ही संध्या स्कूल की गैलरी में पहुंचीं, अमित ने उनकी चोटी पकड़कर उन्हें खींच लिया। इसके बाद उसने सबसे पहले उनके पेट पर लगातार कई चाकू से वार किए। संध्या के गिरने के बाद भी वह नहीं रुका और गर्दन व उसके आसपास के हिस्से पर ताबड़तोड़ हमला करता रहा। आरोपी ने उनकी छाती पर भी कई वार किए। महज 32 सेकेंड में संध्या पर 34 बार चाकू से हमला किया। इनमें से 8 वार उनकी गर्दन और गले पर किए गए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गईं।
बचाने आए स्कूल संचालक को भी धमकाया: शोर सुनकर स्कूल संचालक तेजपाल मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान अमित चाकू लहराते हुए उनकी तरफ भी दौड़ा, जिससे उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके बाद आरोपी दोबारा संध्या पर चाकू से वार करता रहा। जब वह बेसुध होकर गिर गईं, तब वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात के करीब दो घंटे बाद एवीटीएस सिकरौना की टीम ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संध्या अमित से पीछा छुड़ाना चाहती थीं और उन्होंने उससे बातचीत भी बंद कर दी थी। वहीं, अमित लगातार उनसे बात करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने संध्या की हत्या कर दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)