एफ1 में 'हीट हैजर्ड' क्या है, एफआईए ने इटैलियन जीपी के लिए चेतावनी जारी की

Sep 03, 2026 - 16:52
0 3
एफ1 में 'हीट हैजर्ड' क्या है, एफआईए ने इटैलियन जीपी के लिए चेतावनी जारी की
Formula 1

नई दिल्ली। 'फॉर्मूला 1' की गवर्निंग बॉडी, एफआईए ने मोंजा में होने वाले इटैलियन ग्रां प्री के लिए 'हीट हैजर्ड' (गर्मी का खतरा) घोषित किया है। यह फैसला रेस वीकेंड के दौरान शहर में तापमान बढ़ने की आशंका को देखते हुए लिया गया है।

एफआईए ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "एफआईए एफ1 नियमों के आर्टिकल बी1.5.10 के अनुसार, आधिकारिक मौसम सेवा से मिली जानकारी के आधार पर, जिसमें इस प्रतियोगिता के दौरान रेस के समय 'हीट इंडेक्स' (गर्मी का स्तर) 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने का अनुमान है, 'हीट हैजर्ड' घोषित किया जाता है।"

इस नियम का मतलब है कि ड्राइवर कूलिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर सकते हैं। 'हीट हैजर्ड' की स्थिति में ड्राइवर्स को अतिरिक्त ठंडक पहुंचाना ही इसका मुख्य मकसद है। इसमें कई हिस्से शामिल हैं, जैसे पंप, प्लंबिंग और थर्मल स्टोर। सिस्टम से बनने वाला ठंडा फ्लूइड एक खास फायरप्रूफ वेस्ट (जैकेट) के जरिए ड्राइवर्स तक पहुंचाया जाता है, जिसमें कई ट्यूब लगी होती हैं। सिस्टम के सभी मुख्य हिस्से कारों में लगे होने चाहिए, हालांकि ड्राइवर अभी यह चुन सकते हैं कि वे वेस्ट पहनें या नहीं, क्योंकि इसके डिजाइन को बेहतर बनाने का काम अभी भी चल रहा है।

स्पोर्टिंग नियमों के आर्टिकल बी1.5.10 में लिखा है, "कोई भी ड्राइवर 'ड्राइवर कूलिंग सिस्टम' का हिस्सा माने जाने वाले पर्सनल इक्विपमेंट (निजी उपकरण) की किसी भी चीज को न पहनने का विकल्प चुन सकता है। ऐसी स्थिति में, सिस्टम के अन्य सभी हिस्से, जिसमें कूलिंग मीडियम भी शामिल है, कार में लगे होने चाहिए। इसके अलावा, सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाले ड्राइवर के पर्सनल इक्विपमेंट और सिस्टम का हिस्सा बनने वाले पर्सनल इक्विपमेंट के वजन (मास) में जो अंतर होगा, उसकी भरपाई कॉकपिट में 0.5 किलोग्राम का बैलास्ट लगाकर की जानी चाहिए।"

इस बीच, इटैलियन जीपी चौथी एफ1 रेस होगी जिसे 'हीट हैजर्ड' (गर्मी का खतरा) घोषित किया जाएगा। इससे पहले 2025 में सिंगापुर जीपी और यूनाइटेड स्टेट्स जीपी, और इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रियन जीपी को ऐसा घोषित किया गया था।

'एक्यूवेदर' के अनुसार, रेस के प्रैक्टिस डे यानी शुक्रवार को मोंजा में तापमान 34 डिग्री रहने की उम्मीद है। वहीं, शनिवार को, जब प्रैक्टिस 3 और क्वालीफाइंग होगी, तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मुख्य रेस के दिन, रविवार को तापमान फिर से 34 डिग्री रहने का अनुमान है।

एफआईए ने 2023 में कतर ग्रां प्री के बाद खराब मौसम में रेस करने के बारे में विश्लेषण शुरू किया था। 2025 सीजन से पहले, एफआईए ने पुष्टि की है कि अगर वीकेंड से पहले मौसम का पूर्वानुमान बताता है कि स्प्रिंट या ग्रां प्री रेस के दौरान किसी भी समय तापमान 31 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाएगा, तो 'हीट हैजर्ड' की घोषणा की जाएगी।

एफ1 टाइटल की लड़ाई रोमांचक मोड़ पर है क्योंकि ऑटोड्रोमो नाजियोनेल मोंजा में होने वाली मोंजा जीपी से पहले पांच ड्राइवर एक-दूसरे से 87 प्वाइंट्स के अंतर के भीतर हैं। मर्सिडीज ड्राइवर किमी एंटोनेली 242 प्वाइंट्स के साथ टाइटल की लड़ाई में सबसे आगे हैं, जबकि उनके टीममेट जॉर्ज रसेल और फेरारी के लुईस हैमिल्टन 183-183 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

मौजूदा चैंपियन और मैकलारेन ड्राइवर लैंडो नॉरिस 159 प्वाइंट्स के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि हैमिल्टन के साथी चार्ल्स लेक्लेर 155 प्वाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं। 'पपाया टीम' (मैकलारेन) द्वारा किए गए अपग्रेड के बाद नॉरिस ने पिछली दो रेस जीती हैं, जबकि इटैलियन जीपी से पहले घरेलू टीम फेरारी ने भी अपने इंजन अपग्रेड किए हैं क्योंकि टीमें 'सिल्वर एरो' (मर्सिडीज) की बराबरी करने की कोशिश कर रही हैं।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User