सीएम बनने से पहले ही पत्रकारों ने मांगी मिठाई,प्रधानमंत्री मोदी ने सुनाया 2001 का मजेदार किस्सा!
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि साल 2001 में जब उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा चल रही थी, तब कुछ महिला पत्रकार उनके कमरे में पहुंच गई थीं और उनसे मिठाई खिलाने की मांग करने लगी थीं। यह किस्सा सुनकर वहां मौजूद पत्रकार भी हंस पड़े।
जब पत्रकारों ने प्रधानमंत्री मोदी से मांगी थी मिठाई
पीएम मोदी ने बताया कि उस समय वह दिल्ली के 11 अशोका रोड स्थित पार्टी कार्यालय में रहते थे। एक दिन अचानक महिला पत्रकारों का एक समूह उनके कमरे में पहुंच गया। उन्होंने मोदी से कहा कि मिठाई खिलाइए। जब मोदी ने पूछा कि किस खुशी में मिठाई खिलाऊं, तो पत्रकारों ने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।मोदी ने जवाब दिया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन महिला पत्रकारों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें सब पता है, आप झूठ बोल रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में भी पहुंचे थे पत्रकार
पीएम मोदी ने बताया कि उस समय बहुत कम लोगों को उनके मुख्यमंत्री बनने की जानकारी थी, लेकिन महिला पत्रकारों को पहले से ही इसका अंदाजा था। उन्होंने यह भी बताया कि साल 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कई पत्रकार अपने खर्चे पर समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।जब मोदी ने उनसे कहा कि आने से पहले बता देते तो वह उनके लिए व्यवस्था करवा देते, तो पत्रकारों ने जवाब दिया कि वे अपनेपन की वजह से खुद ही आ गए थे।
25 साल में बदल गई मीडिया की दुनिया
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 25 सालों में देश, दुनिया और राजनीति के साथ मीडिया का स्वरूप भी काफी बदल गया है। पहले खबरों के लिए बड़ी ओबी वैन की जरूरत होती थी, लेकिन अब मोबाइल फोन ही ओबी वैन का काम कर रहा है।उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले गली-गली में क्रिकेट के जानकार मिलते थे, लेकिन अब हर गली में खबरों के एक्सपर्ट भी मिल जाते हैं। आज हर किसी का अपना प्लेटफॉर्म, चैनल और पॉडकास्ट है।
लोकतंत्र में मीडिया की बड़ी भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में हर मुद्दे पर लोगों की अलग-अलग राय होती है। यही अलग-अलग विचार देश के लोकतंत्र को मजबूत और जीवंत बनाते हैं। इसमें भारतीय मीडिया की अहम भूमिका है।
उन्होंने पत्रकारों की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि जब कहीं हादसा, भूकंप या बाढ़ जैसी आपदा आती है, तब आम लोग उस जगह से दूर जाने की कोशिश करते हैं, लेकिन पत्रकार और रिपोर्टर अपनी जान की परवाह किए बिना वहां पहुंचकर खबरें लोगों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का यह जज्बा काबिले तारीफ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)