DPL 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रनों से रौंदा; शिवम बने जीत के असली हीरो

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) के रोमांचक मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रनों से हरा दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स की इस शानदार जीत के मुख्य नायक ऑलराउंडर शिवम रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई।

Aug 09, 2026 - 11:45
0 1
DPL 2026: आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रनों से रौंदा; शिवम बने जीत के असली हीरो

नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के 17वें मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रनों से हराया। आउटर दिल्ली से मिले 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली की पूरी टीम 17.2 ओवर में 191 रन बनाकर ऑलआउट हुई। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सिद्धार्थ जून सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए। युगल सैनी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और एक रन बनाकर नवदीप सैनी का शिकार बने। जोंटी सिद्धू 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान यश धुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 47 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 204 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 3 छक्के लगाए। हालांकि, यश अपने अर्धशतक से चूक गए।

आदित्य भंडारी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 8 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद शिवम शर्मा की गेंद पर अमन चौधरी को कैच देकर पवेलियन लौटे। वंश बेदी एक रन ही बना सके। हालांकि, अंतिम ओवरों में जसवीर सहरावत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 33 गेंदों में 62 रनों की आतिशी पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शिवम शर्मा ने 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि नवदीप सैनी ने भी तीन विकेट अपने नाम किए। प्रथम और हर्ष त्यागी ने दो-दो विकेट हासिल किए।

इससे पहले, प्रियांश आर्या और याजस शर्मा ने आउटर दिल्ली को सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। प्रियांश 19 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव सिंह बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। याजल 25 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाने के बाद आउट हुए।

अक्षय सैनी ने 19 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि मोहित पंवार ने 21 रनों का योगदान दिया। मोनू शुक्ला ने 14 रन बनाए, तो गेंद से 3 विकेट चटकाने वाले शिवम शर्मा ने सिर्फ 10 गेंदों का सामना करते हुए 24 रनों की आतिशी पारी खेली। हर्ष त्यागी ने भी 24 रनों का योगदान दिया। वहीं, सिद्धांत शर्मा ने 5 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली की तरफ से जोंटी सिद्धू ने 14 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। वहीं, मनी ग्रेवाल ने भी दो विकेट निकाले।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User