आयुष सेवाओं को डिजिटल पंख, हर जिले में आयुष मेडिकल कॉलेज की तैयारी तेज : केशव मौर्य

Sep 23, 2026 - 16:38
0 4
आयुष सेवाओं को डिजिटल पंख, हर जिले में आयुष मेडिकल कॉलेज की तैयारी तेज : केशव मौर्य
AYUSH medical colleges

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को डिजिटल और संस्थागत स्तर पर विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को लखनऊ में 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह में ‘आयुष क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम एप’ लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आयुष मेडिकल कॉलेज’ की स्थापना की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, ताकि हर जिले में आयुष चिकित्सा शिक्षा और सेवाओं का विस्तार किया जा सके।

 आयुष चिकित्सा सेवाएं

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर नई और प्रामाणिक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धतियों की समृद्ध परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत प्रदेश में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों और डिजिटल आयुष सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए पोर्टल और रजिस्ट्रेशन एप के जरिए आयुष चिकित्सा संस्थानों और क्लीनिकों का पंजीकरण अब अधिक पारदर्शी, त्वरित और सुगम बनाया जा सकेगा। इससे प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

आयुर्वेद और भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका 

उन्होंने आयुष सेवाओं को व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने पर जोर देते हुए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आधुनिक चिकित्सा के साथ योग, आयुर्वेद और भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। केशव मौर्य ने कहा कि विदेशों में भारतीय डॉक्टरों, इंजीनियरों और उद्यमियों की पहचान और साख के पीछे देश की अनुशासित जीवनशैली तथा समृद्ध ज्ञान परंपरा का भी योगदान है।

स्वस्थ शरीर निरोगी काया

उन्होंने योग और आयुर्वेद को भारतीय विरासत बताते हुए इसे व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। समारोह से पहले उपमुख्यमंत्री ने परिसर में लगी आयुष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच मशीन के जरिए अपने स्वास्थ्य से जुड़े 150 पैरामीटरों की जांच भी कराई। इसके बाद भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में योगासन, स्लोगन लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उपमुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन भी किया। केशव प्रसाद मौर्य ने संतुलित आहार, योग और नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए कहा, “स्वस्थ शरीर निरोगी काया, इससे बढ़कर ना कोई दूजी माया।” उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। 

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User