शिमरोन हेटमायर का तूफानी शतक; रोमांचक मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स को 9 रन से हराया

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) के बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) को 9 रन से हरा दिया। मैच के मुख्य आकर्षण स्टार बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) रहे, जिन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए धमाकेदार शतक जड़ा। जानिए शिमरोन हेटमायर के इस तूफानी शतक, मुकाबले के टर्निंग पॉइंट्स और सीपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल के ताजा समीकरणों की पूरी विस्तृत रिपोर्ट।

Sep 01, 2026 - 12:21
0 1
शिमरोन हेटमायर का तूफानी शतक; रोमांचक मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स को 9 रन से हराया

क्वींस पार्क ओवल। कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के 22वें मैच में अमेजन वॉरियर्स ने बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत त्रिनबागो नाइट राइडर्स को 9 रन से हरा दिया।  

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेजन वॉरियर्स ने शिमरोन हेटमायर की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत 16 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बनाए थे। हेटमायर ने अपने टी20 करियर का दूसरा शतक लगाया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मात्र 43 गेंदों पर 9 छक्के और 8 चौके की मदद से नाबाद 111 रन की पारी खेली। इसके अलावा, रोमारियो शेफर्ड ने आखिरी ओवरों में 7 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए। शेफर्ड ने अपनी पारी में 3 छक्के और 2 चौके लगाए। हेटमायर और शेफर्ड ने आखिरी 13 गेंदों पर 45 रन बनाकर टीम का स्कोर 5 विकेट पर 185 तक पहुंचाया।  

त्रिनबागो नाइट राइडर्स की तरफ से अकील हुसैन, सुनील नरेन, लाहिरू कुमारा और उस्मान तारिक ने 1-1 विकेट लिए। 

त्रिनबागो को डीएलएस के नियम के मुताबिक 16 ओवर में 182 रन का लक्ष्य दिया गया था। त्रिनबागो 7 विकेट पर 172 रन बना सकी और मैच 9 रन से हार गई। त्रिनबागो के लिए एलेक्स हेल्स ने मात्र 23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। हेल्स ने मात्र 24 गेंदों पर 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से 55 रन की पारी खेली। शमार जोसेफ ने बोल्ड कर हेल्स की पारी का अंत किया। इसके अलावा, कप्तान निकोलस पूरन ने भी 4 छक्के और 3 चौकों की मदद से 43 रन की पारी खेली। इन दोनों तूफानी पारियों के बावजूद त्रिनबागो जीत हासिल नहीं कर सकी। 

अमेजन वॉरियर्स के लिए मोहम्मद नबी ने बेहद किफायती गेंदबाजी की, जिसकी टीम की जीत में निर्णायक भूमिका रही। नबी ने 3 ओवर में मात्र 20 रन देकर 3 विकेट लिए। ड्वेन प्रिटोरियस, शमार जोसेफ, कप्तान इमरान ताहिर और खैरी पियरे ने 1-1 विकेट लिए।


इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User