ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बानीज ने पीएम मोदी की तारीफ, दिसंबर में बिजनेस डेलिगेशन के साथ आएंगे भारत

Sep 28, 2026 - 12:17
0 5
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बानीज ने पीएम मोदी की तारीफ, दिसंबर में बिजनेस डेलिगेशन के साथ आएंगे भारत

न्यूयॉर्क। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने द‍िसंबर में एक बिजनेस डेलिगेशन के साथ भारत आने पर व‍िचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रिश्ते तेजी से मजबूत हुए हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी की पूरी क्षमता का अभी तक इस्तेमाल नहीं हो पाया है। 

अल्बानीज ने कहा कि उनकी भारत यात्रा के दौरान मुंबई में एक बिजनेस कार्यक्रम होगा और यात्रा का समापन चेन्नई में एक क्रिकेट मैच के साथ होगा। उन्होंने न्यूयॉर्क में एशिया सोसायटी के एक कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड के साथ बातचीत के दौरान इस यात्रा की जानकारी दी।

अल्बानीज ने कहा क‍ि दिसंबर में फ्लोरिडा से लौटते समय, जहां राष्ट्रपति ट्रंप की मेजबानी में शायद 14 और 15 दिसंबर को जी20 बैठक हो रही है, मैं रास्ते में भारत जाऊंगा। उन्होंने कहा, "हम एक दिन का कार्यक्रम करेंगे। मुझे यह आइडिया पसंद है। बिजनेस काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के साथ कई कंपनियों के प्रतिनिधियों को लेकर मैं मुंबई जाऊंगा।"

अल्बानीज ने कहा कि उनकी भारत यात्रा का समापन चेन्नई में एक क्रिकेट कार्यक्रम से होगा। इसमें ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया राज्यों की टीमें शामिल होंगी। उन्होंने कहा, "जैसा कि भारत में अक्सर होता है, इसका समापन एक क्रिकेट मैच के साथ होगा।"

अल्बानीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लोकतांत्रिक व्यवस्था और कॉमनवेल्थ से जुड़े रिश्ते हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी मजबूत संबंध हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई यूनिवर्सिटियां भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं। अल्बानीज ने कहा क‍ि "हालांकि, हम अभी बहुत कुछ और कर सकते हैं। इस रिश्ते और साझेदारी की पूरी क्षमता का अब तक इस्तेमाल नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी और मैं, दोनों इसे बदलने के लिए काफी उत्सुक हैं।"

उन्होंने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और बड़ी आबादी की वजह से ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत के साथ संबंध लगातार ज्यादा महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं। अल्बानीज ने कहा, "भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उसके पास पहले से ही दुनिया की सबसे बड़ी आबादी है।"

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने भारत में लोगों तक बिजली और ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय भी दिया।

उन्होंने कहा क‍ि प्रधानमंत्री मोदी को इसका श्रेय देना चाहिए कि उनके कार्यकाल में भारत में जितने लोगों को ऊर्जा तक पहुंच मिली है, उतने लोगों को मानव इतिहास में किसी भी देश या क्षेत्र में किसी एक दशक में ऊर्जा से नहीं जोड़ा गया। अल्बानीज ने कहा कि उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत रिश्‍ते हैं। उनके मुताबिक, उनके ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री बनने के बाद से दोनों नेता एक-दूसरे के देशों का दो-दो बार दौरा कर चुके हैं।

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक बड़े भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने का भी जिक्र किया। उस कार्यक्रम में भारतीय मूल के लोगों के उत्साह को याद करते हुए अल्बानीज ने कहा, "मेरे लिए अच्छी बात यह थी कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे मेरे लिए भी नारे लगाने को कहा था।"

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध लगातार मजबूत होते गए हैं। उन्होंने दोनों देशों के बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्वाड के जरिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के बीच बढ़ते सहयोग का भी जिक्र किया।

अल्बानीज ने भारत के साथ रिश्तों को इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी रणनीति का हिस्सा बताया।

उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका, जापान, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और प्रशांत द्वीपीय देशों के साथ अपने रिश्ते मजबूत किए हैं। साथ ही वह चीन के साथ अपने बड़े व्यापारिक रिश्तों को भी संभाल रहा है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के साथ क्वाड के सदस्य हैं। इन देशों के बीच सहयोग में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी, मजबूत सप्लाई चेन, स्वास्थ्य और आपदाओं के समय मदद जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया में रहने वाला बड़ा भारतीय मूल का समुदाय और दोनों देशों के बीच बढ़ते शिक्षा संबंध भी इस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बना रहे हैं।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User