Australia Bird Flu Outbreak: ऑस्ट्रेलिया में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा; सील में H5N1 का दूसरा संदिग्ध केस, दक्षिणी तट पर मृत मिली लॉन्ग-नोज्ड फर सील

ऑस्ट्रेलिया में अत्यधिक संक्रामक एवियन इन्फ्लूएंजा (H5N1 Bird Flu) वायरस के प्रसार ने वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यावरण अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि पर पहली बार किसी स्तनधारी जीव (लॉन्ग-नोज्ड फर सील) में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के ठीक एक दिन बाद, प्रशासन ने सील में संक्रमण का दूसरा संदिग्ध मामला दर्ज किया है। जानिए ऑस्ट्रेलिया में बर्ड फ्लू के फैलाव और समुद्री जीवों पर मंडराते खतरे से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।

Aug 24, 2026 - 11:56
0 4
Australia Bird Flu Outbreak: ऑस्ट्रेलिया में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा; सील में H5N1 का दूसरा संदिग्ध केस, दक्षिणी तट पर मृत मिली लॉन्ग-नोज्ड फर सील

कैनबरा। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि एक सील में एच5एन1 बर्ड फ्लू का दूसरा संदिग्ध मामला सामने आया है। इससे एक दिन पहले ही राज्य में किसी स्तनधारी जीव (मैमल) में ऑस्ट्रेलिया का पहला मामला सामने आया था। 

साउथ ऑस्ट्रेलिया के 'डिपार्टमेंट ऑफ प्राइमरी इंडस्ट्रीज एंड रीजन्स' ने बताया कि लंबी नाक वाली फर सील 'पेजेज कंजर्वेशन पार्क' में मिली थी यह संरक्षित क्षेत्र नॉर्थ पेज और साउथ पेज द्वीपों से मिलकर बना है, जो राज्य के दक्षिणी तट से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित हैं।

विभाग ने कहा कि पुष्टि के लिए नमूनों को ऑस्ट्रेलियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिपेयर्डनेस भेजा गया है, जहां उनकी जांच की जाएगी।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इससे एक दिन पहले संघीय सरकार ने घोषणा की थी कि एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) का ऑस्ट्रेलिया में किसी स्तनधारी जीव में पहला मामला है। यह मामला बुधवार को साउथ ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि पर मृत पाई गई एक लंबी नाक वाली फर सील में मिला था।

दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की जलवायु, पर्यावरण और जल मंत्री एमिली बर्क ने कहा कि ये दोनों मामले बेहद चिंताजनक हैं। राज्य सरकार ने गुरुवार को बताया था कि तीन द्वीपों पर बर्ड फ्लू से जुड़ी संदिग्ध घटनाओं में 1,000 से अधिक पक्षी मृत पाए गए थे। इनमें नॉर्थ पेज और साउथ पेज द्वीप भी शामिल हैं।

एमिली बर्क ने सोमवार को ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) रेडियो से कहा, "हमने दुनिया के कई हिस्सों में देखा है कि बर्ड फ्लू के कारण सील की आबादी को भारी नुकसान हुआ है।"

नेशनल पार्क्स एंड वाइल्डलाइफ सर्विस के अनुसार, पेज द्वीप दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले लुप्तप्राय ऑस्ट्रेलियाई सी लॉयन की तीन बड़ी कॉलोनियों में से एक का घर हैं। इनवेसिव स्पीशीज काउंसिल ने चेतावनी दी है कि एच5एन1 का यह प्रकोप इस प्रजाति के लिए विलुप्ति जैसे गंभीर खतरे का कारण बन सकता है।

बर्क ने कहा कि दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में फैला यह वायरस संभवतः हर्ड आइलैंड से आया हो सकता है, जो अंटार्कटिका के निकट स्थित ऑस्ट्रेलिया का एक दूरस्थ द्वीपीय क्षेत्र है।

ऑस्ट्रेलियन अंटार्कटिक प्रोग्राम ने जून में बताया था कि हर्ड आइलैंड पर अनुमानित 17,000 एलिफेंट सील के बच्चों में से लगभग 13,000 की मौत एच5एन1 बर्ड फ्लू के कारण हो गई थी।

संघीय पर्यावरण और जल मंत्री मरे वाट ने सोमवार को एबीसीटेलीविजन से कहा कि सील में संक्रमण के मामले सामने आना अप्रत्याशित नहीं था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आशंका है कि भविष्य में ऐसे और बड़े पैमाने पर जानवरों की मौत के मामले देखने को मिल सकते हैं।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User