अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र, कहा-छात्र आंदोलन पर चर्चा को तैयार  

Aug 12, 2026 - 16:04
0 3
अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र, कहा-छात्र आंदोलन पर चर्चा को तैयार  
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नीट पेपर लीक पर छात्र आंदोलन को लेकर लोकसभा में चर्चा कराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। स्पीकर को लिखे पत्र में अमित शाह ने कहा, "महोदय, आपको विदित है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिजनेस एडवाइजरी कमिटी की बैठक में सरकार की ओर से संसद में नीट परीक्षा को लेकर हुए छात्र आंदोलन पर चर्चा के लिए सहमति दी है।"

अमित शाह ने पत्र में जिक्र किया कि विपक्ष के आग्रह से पहले ही संसद के वर्तमान सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पर चर्चा हो चुकी है। इसमें विपक्ष के किसी भी सांसद ने नीट के संबंध में सदन में कोई भी विचार व्यक्त नहीं किया। इसके बावजूद सरकार इस मुद्दे पर पुन: चर्चा के लिए तैयार है।"

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि वे विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से समय तय करें। पत्र में उन्होंने लिखा, "मेरा आपसे अनुरोध है कि आप विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से आज से जितने समय, जितने घंटे आप उचित समझें, उतना समय आवंटित करने की कृपा करें। मैं निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेना चाहता हूं और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं।"

अमित शाह ने लोकतांत्रिक मूल्यों का जिक्र करते हुए कहा, "लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है। मेरा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और मेरा यह मानना है कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है।"

उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा करके इस महत्वपूर्ण विषय पर एक अच्छे वातावरण में चर्चा कराने की कृपा करें, ताकि इस विषय पर पक्ष-विपक्ष के सभी माननीय सदस्य अपने बहुमूल्य मत एवं विचार प्रस्तुत कर सकें।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User