अखिलेश यादव ने BJP सरकार और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

Oct 12, 2026 - 12:37
0 8
अखिलेश यादव ने BJP सरकार और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
  • लखनऊ में बोले- भाजपा देश के लिए संकट.

लखनऊ। सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद भी कई विधानसभा क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज हैं। अखिलेश के मुताबिक, आजमगढ़ की सदर विधानसभा में एक व्यक्ति के नाम पर 10 वोट हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द ही दस्तावेजों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में भाजपा सकंट है।

सरोजनी नगर और सुल्तानपुर का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि SIR पर करोड़ों रुपये खर्च करने और प्रशासन लगाने के बाद भी मतदाता सूची में गड़बड़ियां बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में डबल, ट्रिपल और पांच-पांच वोट दर्ज हैं।

उन्होंने लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा में दशरथ नाम के व्यक्ति से 100 से अधिक फॉर्म भरवाए जाने और सुल्तानपुर में नंदलाल निषाद के नाम पर कथित फर्जी हस्ताक्षर कराकर वोट काटने का मामला उठाया। उन्होंने सवाल किया कि इन मामलों में बीएलओ, एसडीएम, डीएम या चुनाव आयोग के अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने TCS की भूमिका पर भी सवाल उठाए, हालांकि कंपनी और चुनाव आयोग के बीच कथित मिलीभगत के समर्थन में कोई सार्वजनिक दस्तावेज पेश नहीं किया।

बोले- शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे प्रदर्शन

दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विपक्ष पर अराजकता फैलाने के आरोपों से जुड़े सवाल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस रोकेगी तो भी पार्टी कानून के दायरे में रहकर विरोध दर्ज कराएगी।

उन्होंने जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।

पत्रकारों के साथ व्यवहार पर जताई नाराजगी

दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और महिला पत्रकार की गिरफ्तारी के सवाल पर अखिलेश ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग फर्जी पत्रकार बनकर काम कर रहे हैं।

प्रदर्शन में RSS के लोगों के पुलिस की वर्दी पहनकर शामिल होने के आरोपों पर अखिलेश ने भाजपा की तुलना हिटलर की कार्यशैली से की। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को पुलिस जैसी वर्दी पहनाकर विपक्ष के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, इस आरोप के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेजी प्रमाण नहीं दिया।

बोले- समाजवाद में जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं

लोहिया को श्रद्धांजलि देने के बाद अखिलेश ने कहा कि उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव न हो और सभी को तरक्की के समान अवसर मिलें। अखिलेश ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के संविधान, लोहिया के समाजवाद और मुलायम सिंह यादव के संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा समानता और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों पर आगे बढ़ेगी।

महंगाई रोकने के लिए दाम बांधो नीति की वकालत

अखिलेश ने बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता को लेकर कहा कि एक तरफ अमीर और अमीर हो रहे हैं, जबकि गरीबों को जरूरी सामान जुटाने में मुश्किल हो रही है। लोहिया की 'दाम बांधो' नीति का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर जरूरी वस्तुओं की कीमतें नियंत्रित करने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि महंगाई और मुनाफाखोरी पर अंकुश लगाया जा सके।

फैजुल्लागंज की बाढ़ पर बोले-

अखिलेश ने दावा किया कि लखनऊ के फैजुल्लागंज में करीब पांच लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन क्षेत्र को अब तक आपदा घोषित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर हैं और लोगों को राहत सामग्री, नाव तथा दूसरी जरूरी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रही हैं।

उन्होंने बैराज के गेट खोलने-बंद करने के फैसलों पर सवाल उठाते हुए बाढ़ प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, फैजुल्लागंज और गोमती रिवरफ्रंट के आसपास जलभराव के लिए गलत प्रबंधन जिम्मेदार है। उन्होंने नगर निगम, एलडीए और सिंचाई विभाग के बीच समन्वय की कमी तथा बाढ़ प्रभावित इलाकों में मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था नहीं होने का भी मुद्दा उठाया।

बोले- भाजपा को हटाने से ही संकट दूर होगा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को अपने हिसाब से चलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा संकट भाजपा है और उसके सत्ता से हटने पर ही यह संकट दूर होगा। उन्होंने लोहिया और मुलायम सिंह यादव के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया और सामाजिक न्याय, समानता व खुशहाली के लिए काम करने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User